
प्रणय चौहान, इंदौर। चार माह के चातुर्मास के बाद देवोत्थानी एकादशी से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। इसके साथ ही विवाह के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे परिवारों के घरों में तैयारियां तेज हो जाएंगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार देवोत्थानी एकादशी के बाद नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक विवाह के 27 शुद्ध मुहूर्त उपलब्ध हैं। इनमें नवंबर में चार, दिसंबर में चार, जनवरी में पांच, फरवरी में नौ और मार्च में पांच शुभ तिथियां हैं।
जय महाकाली मंदिर, खजराना के प्रबंधक पं. गुलशन अग्रवाल के अनुसार देवोत्थानी एकादशी को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पर्व माना जाता है। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का आरंभ होता है।
इस बार नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के शुद्ध मुहूर्त हैं। दिसंबर में 1, 3, 11 और 12 तारीख को विवाह किए जा सकेंगे। इसके बाद 16 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक धनुर्मास के कारण विवाह मुहूर्त नहीं रहेंगे।
धनुर्मास समाप्त होने के बाद जनवरी में विवाह का सिलसिला फिर शुरू होगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 24, 25, 26, 30 और 31 जनवरी को विवाह के शुद्ध मुहूर्त हैं। फरवरी में सबसे अधिक नौ शुभ तिथियां रहेंगी। इस महीने 2, 9, 10, 15, 16, 20, 21, 27 और 28 तारीख को विवाह आयोजन किए जा सकेंगे।
मार्च में भी शुरुआती दिनों में विवाह के पांच अवसर हैं। 1, 2, 3, 9 और 10 मार्च को विवाह के शुद्ध मुहूर्त रहेंगे। इसके बाद इस सूची में आगे की तिथियां शामिल नहीं हैं। ऐसे में विवाह की योजना बना रहे परिवारों के लिए इन शुभ दिनों के अनुसार आयोजन स्थल और अन्य तैयारियां तय करना महत्वपूर्ण होगा।
पांच महीने की अवधि में फरवरी में नौ शुभ तिथियां हैं, जो अन्य महीनों की तुलना में सर्वाधिक हैं। जनवरी और नवंबर में क्रमश: पांच और चार मुहूर्त हैं। दिसंबर में भी चार अवसर मिलेंगे। विवाह की तिथि तय करते समय परिवारों को स्थानीय पंचांग और वर-वधू की कुंडली के अनुसार पंडित से अंतिम मुहूर्त की पुष्टि करानी चाहिए।
महीना तिथियां मुहूर्त
नवंबर 2026 21 , 24 , 25 , 26
दिसंबर 2026 2, 3, 11, 12
जनवरी 2027 24, 25, 26, 30, 31
फरवरी 2027 2, 09, 10, 15, 16, 20, 21, 27, 28
मार्च 2027 1, 2, 3, 9, 10