
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जब पूरा भारत बाल दिवस का उत्सव मनाएगा, उस दिन 15 साल के एक लड़के को देखने इंदौर होलकर स्टेडियम में इकट्ठा होगा। कैप्टन मुश्ताक अली ट्राफी टी-20 टूर्नामेंट इंदौर में 14 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। पहले ही मैच में बिहार की टीम से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपने बल्ले की चमक बिखेरने मैदान में उतरेंगे। हालांकि इंदौर में वैभव सिर्फ एक ही मैच खेलने आएंगे।
वैभव की ही तरह सितारा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी इंदौर आ सकते हैं, लेकिन वे भी सिर्फ एक ही मैच खेल सकेंगे। इस टूर्नामेंट के इंदौर में होने वाले चरण में पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, सौराष्ट्र, तमिलनाडु और रेलवे की टीमें हिस्सा लेंगी। बीसीसीआइ हर साल टी-20 क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट कैप्टन मुश्ताक अली की स्मृति में आयोजित कराता है। इंदौर को समूह-बी के मैचों की मेजबानी सौंपी गई है।
बिहार की टीम का 14 नवंबर को मुकाबला सौराष्ट्र की टीम से होना है। बिहार की टीम में वैभव को शामिल किया गया है। वे यह मैच खेलकर वापस लौट जाएंगे। वैभव को दोहा में आयोजित राइजिंग स्टार एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए भारत-ए टीम में चुना गया है। कैप्टन मुश्ताक अली ट्राफी का पहला मैच खेलने के बाद वे भारत-ए टीम में लौट जाएंगे। इसी टूर्नामेंट के लिए अभिषेक शर्मा को भी चुना गया है।
ऐसे में उनका भी इंदौर में पूरा टूर्नामेंट खेलना संभव नहीं है। इंदौर के रजत पाटीदार भारत-ए टीम के उपकप्तान चुने गए हैं। राइजिंग स्टार एशिया कप में 19 नवंबर से प्रारंभ होगा। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा भी कई अन्य अंतरराष्ट्रीय सितारे इस टूर्नामेंट में अपने खेल की चमक बिखेरेंगे। होलकर स्टेडियम में गत माह 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला गया था। उस मैच में टिकटों को लेकर प्रशंसक परेशान हुए थे। मगर कैप्शन मुश्ताक अली ट्राफी में सितारों को खेलता देखने के लिए असुविधा नहीं होगी।
बिहार क्रिकेट टीम का चयन छह नवंबर को ट्रायल्स के जरिए होगा। इसके लिए 43 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें वैभव सूर्यवंशी के अलावा आइपीएल से चमके शाकिब हुसैन भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार वैभव ने पहले मैच में खेलने पर सहमति दी है। इसके बाद वे भारतीय टीम को सेवाएं देने के लिए लौट जाएंगे।
इंदौर में समूह-बी के मुकाबले खेले जाएंगे। मैच होलकर स्टेडियम के साथ ही डेली कॉलेज मैदान पर भी होंगे। डेली कालेज में प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सुबह नौ बजे से प्रारंभ होगा जबकि दूसरा मैच दोपहर 1.30 बजे से खेला जाएगा। वहीं होलकर स्टेडियम में पहला मैच सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा जबकि दिन का दूसरा मैच अपरान्ह 4.30 बजे से प्रारंभ होगा।
प्रत्येक मैदान पर 14-14 मैच होंगे। इस तरह इंदौर में कुल 28 मैच खेले जाएंगे। दोनों ही मैदानों पर तैयारियां पूरी हो गई हैं। डेली कॉलेज मैदान पर 14 नवंबर को पहला मैच पंजाब और हरियाणा की टीमों के बीच सुबह नौ बजे से प्रारंभ होगा। वहीं दिन के दूसरे मैच में रेलवे की टीम का सामना तमिलनाडु से होगा। होलकर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच पहला मैच सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद जम्मू-कश्मीर की टीम का सामना दिल्ली की टीम से होगा।