
मल्टीमीडिया डेस्क। ठीक 9 साल पहले आज ही के दिन (19 सितंबर 2007 को) युवराज सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छक्के लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने थे। युवी ने पहले ट्वेंंटी-20 विश्व कप में डरबन में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में यह कारनामा अंजाम दिया था। लेकिन इस बात को कम लोग जानते होंगे कि युवी की इस हैरतअंगेज उपलब्धि में इंग्लैंड के ही एक अन्य खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ का भी बहुत हाथ था। क्योंकि उन्होंने इस ओवर के ठीक पहले युवी को इतना उत्तेजित कर दिया था कि जिसका गुस्सा युवी ने ब्रॉड की गेंदों की पिटाई कर निकाला था।
फ्लिंटॉफ ने पारी का 18वां ओवर डाला था जिसकी चौथी और पांचवीं गेंदों पर युवी ने दो चौके लगाए थे। युवी ने अंतिम गेंद पर एक रन लिया और वे नॉन स्ट्राइकर छोर पर पहुंचे। इसी बीच फ्लिंटॉफ ने युवी के उन दो शॉट्सथ पर अभद्र टिप्पणी की। इस पर युवी ने भी वैसा ही जवाब दिया। जब फ्लिंटॉफ ने यह जानना चाहा कि उन्होंने क्या कहा तो युवी ने कहा कि उन्होंने सही सुना। इस पर फ्लिंटॉफ ने फिर कुछ चुभने वाली बात कही तो युवी ने कहा कि मैं अपने बल्ले से जवाब दूंगा।
यह भी पढ़ें : 51 वर्षों से कायम यह रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया कोई भारतीय गेंदबाज
अंपायर ने युवी को किसी तरह रोका, इस बात से युवी इतने उत्तेजित हो गए थे कि उन्होंने ब्रॉड द्वारा डाले गए अगले ओवर में 6 छक्के जड़ दिए। युवी ने इतिहास रचा क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने। इसी दौरान युवी ने सबसे कम गेंदों में टी-20 फिफ्टी (12 गेंदों में) पूरी करने का कीर्तिमान भी बनाया।
वह ऐतिहासिक 19वां ओवर:
18.1 ओवर : ब्रॉड की पहली गेंद पर युवी ने मिडविकेट पर छक्का लगाया।
18.2 : ब्रॉड की लेग स्टंप की गेंद पर युवी ने फ्लिक कर बैकवर्ड स्क्वैयर लेग सीमा रेखा पर छक्का लगाया।
18.3 : इस ओवर की तीसरी गेंद पर युवी ने एकस्ट्रा कवर बाउंड्री पर छक्का लगाया।
18.4 : राउंड द विकेट गेंदबाजी करने आए ब्रॉड की फुलटॉस पर युवी ने बैकवर्ड पाइंट पर छक्का जड़ा ।
18.5 : युवी का कहर जारी था और उन्होंने ब्रॉड की पांचवीं गेंद पर घुटने के बल बैठते हुए मिडविकेट पर से शानदार छक्का लगा दिया।
18.6 : पूरी दुनिया ओवर की अंतिम गेंद को देखने के लिए जैसे खड़ी हो गई थी। ब्रॉड की इस गेंद पर युवी ने लांग ऑन पर छक्का लगाते हुए इतिहास रच दिया।
युवी ने ओवर की छह गेंदों पर छह छक्के लगाए और वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने वन-डे विश्व कप में यह कारनामर किया था। युवी सीनियर क्रिकेट में छह गेंदों में छह छक्के लगाने वाले सर गैरी सोबर्स, रवि शास्त्री और गिब्स की विशिष्ट सूची में शामिल हो गए। सोबर्स और शास्त्री ने यह उपलब्धि प्रथम श्रेणी मैचों में हासिल की थी।