
दोहा। Asian Shooting Championship: भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 14वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतते हुए टोक्यो ओलिंपिक का कोटा हासिल किया। यह टोक्यो ओलिंपिक में निशानेबाजी में भारत का 13वां कोटा है।
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के 18 वर्षीय ऐश्वर्य फाइनल में 449.1 अंक हासिल करते हुए तीसरे स्थान पर रहे। कोरिया के किम झोंगहुआन ने 459.9 अंकों के साथ स्वर्ण और चीन के झोंगहाओ झाओ ने 459.1 अंकों के साथ रजत पदक जीता। ऐश्वर्य ने 120 शॉ्टस के क्वालीफाइंग राउंड में 1168 अंक हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। इस इवेंट में तीन कोटा स्थान दांव पर थे। अब भारत को 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में दो कोटा स्थान हासिल हो चुके हैं। उनसे पहले अनुभवी संजीव राजपूत भी कोटा हासिल कर चुके हैं। 2012 लंदन ओलिंपिक्स में भारत के 11 शूटर्स ने हिस्सा लिया था जबकि 2016 रियो डी जनेरियो ओलिंपिक में भारत के 12 शूटर्स ने हिस्सेदारी की थी।
An elated #AishwaryTomar after winning 🥉 and a 13th @Tokyo2020 quota place for 🇮🇳 in Shooting. Great effort young man👏🇮🇳 pic.twitter.com/ulLZkR1dDU
— NRAI (@OfficialNRAI) November 10, 2019
सीनियर वर्ग में दिखाया कमाल:
रतनपुर गांव के ऐश्वर्य को 2015 में भोपाल में एक कैंप के दौरान कोचेस की निगाहें पड़ी थी। तोमर ने इससे पहले जूनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया था और वे पहली बार सीनियर स्तर पर खेल रहे थे। उन्होंने इससे पहले जूनियर वर्ल्ड कप में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने इसके बाद एशियाई स्पर्धा में भी गोल्ड जीता था और फिर घरेलू स्पर्धा में सीनियर स्तर पर संजीव राजपूत को पराजित कर पहली बार सीनियर टीम में जगह बनाई।
भारत को टीम वर्ग में भी मिला कांस्य पदक :
ऐश्वर्य ने भारत को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के टीम वर्ग में भी कांस्य पदक दिलाया। ऐश्वर्य (1168) ने चेन सिंह (1155) और पारुल कुमार (1154) के साथ मिलकर तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम ने 3477 अंक बनाए। व्यक्तिगत वर्ग में चेन सिंह ने 17वां और पारुल ने 20वां स्थान हासिल किया था।