
मुंबई। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक संजय पुरन सिंह चौहान की अगली फिल्म जो भारत के 1983 क्रिकेट विश्व कप की खिताबी जीत पर आधारित है, अगले साल फ्लोर पर आ जाएगी।
अब तक बिना टाइटल वाली फिल्म के निर्माता विष्णु वर्धन इंदुरी ने कहा- हमने प्री-प्रोडक्शन पर काम शुरू कर दिया है। यह फिल्म अगले साल तक फ्लोर पर आ जाएगी। फिलहाल, इस फिल्म के बारे में मैं कुछ भी नहीं बता सकता और क्योंकि यह पुरानी कहानी पर आधारित है, तो कैमरा रॉल करने से पहले कई चीजों का ध्यान रखना होगा।
इंदुरी ने बताया कि फिल्म के प्रमुख किरदार के ऑडिशन जल्द ही शुरू होंगे। उन्होंने आगे कहा- मैं यह नहीं जानता कि फिल्म के लिए मशहूर अभिनेता को लिया जाएगा या फिर नए अभिनेता को मौका मिलेगा। यह सब समय पर निर्भर करेगा।
हम जल्द ही इस फिल्म के किरदारों के लिए ऑडिशन शुरू करेंगे और उसी के साथ आगे बढ़ते जाएंगे। किरदार तय करने के मामले पर इंदुरी ने कहा कि यह निर्भर करेगा कि कौन किरदार की भूमिका में जमेगा।