
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा धर्मशाला में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप के दौरान सुरक्षा प्रदान करने से इंकार करने के कारण बीसीसीआई उलझन में फंस गया है।
बीसीसीआई के सचिव और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को क्रिकेट में राजनीति को नहीं घुसेड़ना चाहिए। टी-20 विश्व कप का यह बहुप्रतिक्षित मुकाबला 19 मार्च को निर्धारित है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखा कि राज्य सरकार इस मैच के लिए सुरक्षा व्यवस्था प्रदान नहीं कर पाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल सीएम की मांग, धर्मशाला में नहीं हो भारत-पाक मैच
बीसीसीआई सचिव ठाकुर ने कहा- 'राज्य सरकार को इस मैच के बारे में कई महीनों पहले से पता था, लेकिन पहले कोई आपत्ति व्यक्त नहीं की गई थी। विश्व कप के मैच स्थलों का फैसला करीब एक वर्ष पहले हो गया था और कौनसा मैच कहां होगा इसका निर्णय भी छह महीने पहले हो चुका था। मैच देखने के इच्छुक लोगों ने महीनों पहले सभी बुकिंग्स भी करवा ली है और एन वक्त पर इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है।'
यह भी पढ़ें : भारत-पाक मैच की मेजबानी के लिए धर्मशाला सही स्थान : ठाकुर
ठाकुर ने कहा- कांग्रेस की सरकार इस मैच को लेकर राजनीति कर रही है। असम में साउथ एशियन गेम्स के दौरान सैकड़ों पाकिस्तानी खिलाड़ियों को सुरक्षा प्रदान की गई थी, तो हिमाचल प्रदेश में ऐसा क्यों नही हो सकता है। हिमाचल सरकार यह बयान देकर कि वह सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकती हैं, पाकिस्तान के इस दावे को बल दे रही है कि उनकी टीम को भारत में खतरा है। यह देश की छवि का सवाल है और इसमें राजनीति नहीं करना चाहिए।