
वेलिंगटन। ब्रेंडन मॅक्कुलम ने कहा कि डेनियल विटोरी ने संभवत: अपनी धरती पर अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे खेल लिया है और टीम विश्व कप जीतकर इस अनुभवी खिलाड़ी को यादगार विदाई देना चाहती है।
ब्लैक कैप्स ने मंगलवार को बेहद सनसनीखेज सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर जीत दर्ज कर पहली बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई थी। 36 वर्षीय विटोरी ने इस सेमीफाइनल में निर्णायक क्षणों में चौका लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। विटोरी अपने संन्यास को लेकर अभी तक कुछ बोले नहीं हैं, लेकिन मॅक्कुलम ने कहा कि उन्होंने गृह देश में संभवत: अंतिम मैच खेल लिया है।
यह भी पढ़ें : द. अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड पहली बार विश्व कप फाइनल में
मॅक्कुलम ने कहा- विश्व कप सेमीफाइनल के प्रदर्शन को विटोरी कभी भुला नहीं पाएंगे। हम एक और जीत दर्ज करना चाहते हैं और यह किसी परिकथा से कम नहीं होगा। हम इसका जमकर जश्न मनाना चाहेंगे। पीठ दर्द की वजह से विटोरी का करियर कुछ वर्ष पहले खत्म नजर आ रहा था, लेकिन उन्होंने वापसी की, इसके बावजूद उनका दर्द अभी खत्म नहीं हुआ है।