मुंबई। CK Nayudu Award: कृष्णमाचारी श्रीकांत और अंजुम चोपड़ा को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। भारत को ऑस्ट्रेलिया के साथ मुंबई में 14 जनवरी से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। उससे पहले बीसीसीआई का वार्षिक अवॉर्ड फंक्शन मुंबई में 12 जनवरी को होगा।
पूर्व भारतीय कप्तान श्रीकांत 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य थे। इसी प्रकार अंजुम भी भारतीय महिला टीम की कप्तान रह चुकी हैं। बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार श्रीकांत और अंजुम को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इन दोनों को साल 2019 के लिए यह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। एस वेंकटराघवन और रविचंद्रन के अलावा वे टीम इंडिया में खेले तमिलनाडु के प्रमुख खिलाड़ी रहे। उन्होंने 1981 से 1992 तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 60 साल के श्रीकांत ने 43 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर 2062 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 2 शतक और 12 अर्द्धशतक लगाए। श्रीकांत ने 1992 वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से संन्यास लिया। वे इसके बाद 2009 से 2012 तक बीसीसीआई सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन रहे। उनके मार्गदर्शन में चुनी गई टीम इंडिया ने ही 2011 में वर्ल्ड कप जीता था।
42 साल की अंजुम की गिनती भारत की प्रमुख महिला क्रिकेटरों में की जाती है। मिताली राज के पहले भारतीय क्रिकेट में उनका ही दबदबा था। उन्होंने 12 टेस्ट मैचों में 548 रन बनाए हैं। उन्होंने इसके अलावा 127 इंटरनेशनल वनडे में 31.38 की औसत से 2856 रन बनाए थे। उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 18 अर्द्धशतक लगाए थे। वे इसके अलावा भारत की तरफ से 18 इंटरनेशनल टी20 मैच भी खेल चुकी थी।