
मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि आईसीसी वर्ल्ड टी-20 में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के आयोजन के लिए धर्मशाला सही स्थान है। भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड टी-20 में ग्रुप चरण का मैच 19 मार्च 2016 को खेला जाएगा।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने वर्ल्ड टी-20 ट्रॉफी अनावरण के मौके पर कहा- भारत और पाकिस्तान के बीच सीरीज आयोजन को लेकर बढ़ रही गर्मी को देखते हुए ठंडे मौसम की जरूरत है और ऐसे में धर्मशाला सही वातावरण मुहैया कराएगा।
बीजेपी सांसद ने कहा- थोड़ी सी ठंडी जगह होनी चाहिए जहां पर इतना गर्म मैच हो। भारत ने 2007 में टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। दो साल बाद पाकिस्तान ने खिताब पर कब्जा किया।
दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों ने 2012-13 के बाद से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है। इससे पहले पाकिस्तान ने भारत दौरा करते हुए कुछ वन-डे और टी-20 मैच खेले थे।
दोनों देशों के बीच आखिरी मुकाबला 2015 विश्व कप के लीग मैच में हुआ था। हालांकि अभी भी दोनों टीमों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय सीरीज अधर में लटकी है, जिसके आयोजन के लिए श्रीलंका को उपयुक्त स्थान माना गया है।