
मुंबई। DJ Bravo new song Chamiya: वेस्टइंडीज के स्टार ऑल राउंडर ड्वेन ब्रावो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सिंगिंग को करियर बनाया। ब्रावो यहां भी धूम मचा रहे हैं। सुपरहिट चैंपियन की तरह ब्रावो का नया गाना छमिया भी रिलीज के साथ ही जबर्दस्त धूम मचा रहा है। इसमें ब्रावो के साथ फेमस डांसर शक्ति मोहन नजर आ रही है।
ब्रावो लंबे समय तक भारत में रहे हैं। ऐसे में अब उन्होंने अपने नए गाने छमिया में भारत को बेस बनाया है। इसमें भारत में होने वाले शादी के धूम-धड़ाके, मस्ती को शामिल किया है। ब्रावो ने इसी साल क्रिकेट से संन्यास लिया। अब उन्होंने अपनी हॉबी को प्रोफेशन बनाते हुए सिंगिंग शुरू की। उनका पहला गाना चैंपियन दुनियाभर में बहुत लोकप्रिय हुआ। इसके बाद उन्होंने कुछ और गाने गाए। ब्रावो अब एक और गाना लेकर आए हैं।
भारत में शादी के सीजन को देखते हुए ब्रावो ने इंडियन वेडिंग पार्टी सांग छमिया रिलीज किया है। इस गाने में ब्रावो के साथ देश की स्टार डांसर शक्ति मोहन भी नजर आ रही है। ब्रावो गाने में शक्ति से रोमांस करते नजर आ रहे हैं। इस गाने में भारतीय शादियों में होने वाली मस्ती, नाच-गाने को शानदार तरीके से दिखाया गया है। खासतौर से पंजाबी शादी की धूम दिखाई गई है।
Check out #DJBravo’s new song. #Chamiya. #TheChamiyaSong. Featuring #Bravo and @MohanShakti 👍. It’s lit💥💥💥https://t.co/Cbn3FvSlCH
— bollywoodofficial (@bollynews_ind) December 8, 2019
बता दें कि चैंपियन गाने के बाद ब्रावो एशिया नामक गाना भी गाया था, जो काफी लोकप्रिय हुआ। उसमें भारतीय क्रिकेटरों को भी शामिल किया था।
बहरहाल ब्रावो लंबे समय से वेस्टइंडीज टीम से बाहर चल रहे थे। लिहाजा उन्होंने इसी साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने दिसंबर 2010 के बाद से एक भी वनडे मैच नहीं खेला। वहीं अपना अंतिम टेस्ट 2014 में खेला था। इसी तरह आखिरी टी20 मैच भी 2016 में खेला था। राष्ट्रीय टीम में भले ही ब्रावो को शामिल नहीं किया गया, लेकिन वे आईपीएल के लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से ब्रावो ने कई मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया।