
बेंगलुरु। एबी डी'विलियर्स (82) और विराट कोहली (75) की बेहतरीन पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल- 9 में धमाकेदार आगाज किया।
बेंगलुरु के मैदान पर आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 45 रन से हराया। आरसीबी ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रन का विशाल स्कोर बनाया। एबी डी'विलियर्स ने केवल 21 गेंदों में अर्धशतक ठोंका जो आरसीबी के बड़े स्कोर का प्रमुख कारण रहा।
एबी को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। डी'विलियर्स ने कप्तान कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 157 रन की साझेदारी की। इस बारे में मैन ऑफ द मैच ने कहा, 'विराट के साथ काफी व्यस्त पारी खेली। हमें विकेट के बीच दौड़ना काफी पसंद आ रहा था।'
डी'विलियर्स ने कहा कि मुझे यहां (बेंगलुरु) में खेलना बहुत पसंद है। आपके लिए हमेशा जरूरी होता है कि अच्छी शुरुआत की जाए ताकि टीम को मजबूती मिले और बड़ा स्कोर बना सके। हम हर वर्ष इस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि यहां प्रशंसकों का भरपूर समर्थन मिलता है जो इतना शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी करता है।
इसके अलावा एबी ने अपनी टीम के साथियों के प्रदर्शन की भी तारीफ करते हुए कहा कि वॉटसन और मिल्ने ने शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने भी काफी प्रभावित किया।