
कोलकाता। भारत से मिले ज्यादा प्यार वाले बयान को लेकर पाकिस्तान में आलोचना झेल रहे पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा अपने देश की छवि को खराब करने का नहीं था और वे सिर्फ सकारात्मक संदेश देना चाहते थे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा ट्विटर पर जारी ऑडियो मैसेज में अफरीदी ने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तानी फैंस को नीचा दिखाने की कोशिश नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा- मैं सिर्फ पाकिस्तान क्रिकेट टीम का कप्तान नहीं हूं, मैं अपने देश की जनता का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और यदि अच्छे नजरिए से मेरे बयान को देखा जाए मैंने कभी नहीं कहा कि पाकिस्तानी फैंस से मेरे लिए कोई ज्यादा महत्व रखता है। मेरी पहचान ही पाकिस्तान से है।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में मिला: अफरीदी
उन्होंने कहा- एक जर्नलिस्ट ने मुझसे सवाल पूछा और मैंने सकारात्मक तौर पर उसका जवाब देने की कोशिश की, क्योंकि मैं जानता था कि मेरे जवाब को पूरी दुनिया सुनेगी। इसलिए मैंने भारत में खेलने में मजा आता है, यह कहकर सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की। वसीम अकरम, वकार युनूस और इंजमाम उल हक भी हमेशा यह कहते हैं कि उन्हें भारत में बहुत सम्मान मिलता है। आप इमरान भाई को भी पूछ सकते हैं कि भारत में क्रिकेट को धर्म का दर्जा प्राप्त है। मैंने तो कूटनीतिक जवाब दिया था ताकि यह संदेश जाए कि क्रिकेट लोगों को जोड़ता है।
यह भी पढ़ें : अफरीदी के भारत संबंधी बयान पर पाकिस्तान में हो गई जूतम-पैजार
अफरीदी ने भारत पहुंचने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिया था कि उन्हें पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में मिला। उनके इस बयान को जावेद मियांदाद ने शर्मनाक बताया था। अफरीदी के इस बयान पर लाहौर हाईकोर्ट की तरफ से नोटिस जारी किया गया है।