
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में धमाकेदार वापसी से उत्साहित ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान एलेक्स कैरी ने कहा कि उनकी टीम इंग्लैंड में विश्व कप में बढ़े हुए मनोबल के साथ उतरेगी।
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद लगातार दो मैच जीतते हुए सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली। भारत के खिलाफ निर्णायक मैच की पूर्वसंध्या पर कैरी ने कहा, हमारे पास कई अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं जो विश्व कप में यह साबित करेंगे कि हम गत विजेता टीम है। पिछले एक-डेढ साल से ऑस्ट्रेलियाई टीम बहुत मेहनत कर रही है हमने कुछ सफलताएं भी हासिल की है। हमें विश्व कप में आगे बढ़ने का विश्वास हैं।
उन्होंने कहा, जब स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की वापसी होगी तो हमारी टीम की ताकत और बढ़ जाएगी। ये दोनों बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। इस वक्त टीम में मौजूद खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए यह अच्छी बात है।
कैरी ने इस बात पर खुशी जताई कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारत के स्पिनरों युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव का शानदार तरीके से सामना किया। हमने पिछले एक-डेढ साल में स्पिनरों का सामना करने के लिए नेट्स पर कड़ी मेहनत की और इसके परिणाम सामने आ रहे हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच निर्णायक मैच फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेला जाएगा, इस मैदान की पिच स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती रही है। कैरी ने कहा, हमारी टीम हर तरह के गेंदबाजों का सामना करने के लिए तैयार है। हमने नेट्स पर अच्छे भारतीय स्पिनरों का सामना किया और यह शानदार अनुभव रहा। इससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा और यह मैचों में नजर आ रहा है।