हैमिल्टन। Ind vs NZ: भारतीय क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ कप्तान कौन है.. इस बहस में अब Rohit Sharma भी शामिल हो गए हैं। Rohit Sharma ने टीम के पूर्व कप्तान MS Dhoni को भारत का सबसे सफल कप्तान बताया है। फैंस इस बात को लेकर हैरान हैं कि रोहित शर्मा ने मौजूदा कप्तान Virat Kohli या BCCI प्रमुख व पूर्व कप्तान Sourav Ganguly का नाम नहीं लिया।
बता दें कि आंकड़ों के मामले में टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान VIrat Kohli ने MS Dhoni को पीछे छोड़ दिया है। लेकिन रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी को सबसे सफल कप्तान बताया। रोहित ने अपने करियर की शुरुआत धोनी की कप्तानी में की थी और तब उन्होंंने 2007 की आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप खेला था।
धोनी रहते हैं शांत
एक चैट शो में शामिल हुए रोहित शर्मा से दरअसल एक सवाल पूछा गया था। उनसे पूछा गया कि मैदान पर शांत और संयमित रहने के मामले में उनका रोल मॉडल कौन है। इस सवाल के जवाब में रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। उन्होंने कहा- धोनी बेहद शांत, संयमित और धैर्य के साथ खेलते और फैसला लेते थे। पूरा देश जानता है कि धोनी ही कैप्टन कूल हैं। शांत रहकर ही वे सही और अच्छे फैसले लेते थे।
धोनी सबसे बेस्ट
रोहित ने आगे कहा- आप सभी को पता है कि धोनी सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं। धोनी के पास तीनों आईसीसी खिताब हैं। इसके अलावा वे आईपीएल की भी कई ट्रॉफी जीत चुके हैं। वह भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं और इसकी वजह उनका शांत और सहज रवैया है। धोनी की खासियत है कि वे तनाव और दबाव के क्षणों में भी संयम बनाए रख पाते हैं। उन्होंने कई युवा गेंदबाजों को दबाव में संभाला है, उनका हौंसला बढ़ाया है। वे जब गेंदबाजों के पास जाते हैं, उनके कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात करते हैं.. उन्हें बताते हैं कि उन्हें क्या करना है और क्या नहीं.. इससे उसका विश्वास काफी बढ़ता है।
गौरतलब है कि धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और फिर चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।