
खेल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम पिछले 31 साल से साउथ अफ्रीका में कभी भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। 26 दिसंबर को सेंचुरियन के मैदान में रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारतीय टीम इस सपने को पूरा करना चाहेगी।
भारतीय खिलाड़ी साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बीसीसीआई ने टीम इंडिया की नेट्स सेशन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। इस वीडियो भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ भी भारतीय प्लेयर्स के साथ पसीना बहाते दिख रहे हैं।
Preps in full swing for the Boxing Day Test 🙌#TeamIndia sharpen their fielding skills ahead of the first #SAvIND Test tomorrow in Centurion 👌👌 pic.twitter.com/SftEN2kDED
— BCCI (@BCCI) December 25, 2023
बीसीसीआई के शेयर किए गए वीडियो में भारतीय खिलाड़ी को हेड कोच राहुल द्रविड़ कैच की प्रैक्टिस करवाते नजर आ रहे हैं। सबसे पहले वीडियो में यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर कैच की प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। उसके बाद गिल, केएल राहुल भी एक हाथ से कैच पकड़ते नजर आ रहे हैं।
भारतीय टीम को पिछले 31 साल से साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम के लिए पिछले दो दौरे भी कुछ खास नहीं रहे। दोनों ही दौरों में भारतीय टीम जीत की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन अंत में हार ही हाथ लगी। साल 2018 में भारतीय टीम 1-2 से सीरीज हार गया था। 2021 में भारतीय टीम ने पहला मैच जीत लिया था, लेकिन सीरीज बाकी के दो मैच हार गई थी।