
एजेंसी, मुंबई। आईसीसी वनडे विश्व कप का 33वां मुकाबला आज मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। जबरदस्त फॉर्म में चल रही भारतीय टीम यह मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कंफर्म करना चाहेगी।
वहीं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाली श्रीलंका यदि यहां जीत दर्ज करती है, यह बड़ा उलटफेर माना जाएगा। भारतीय टीम ने अब तक छह मैच जीते हैं।
आज सभी नजरें विराट कोहली पर रहेंगी। विराट अब तक 287 वनडे में 48 शतक जड़ चुके हैं। वहीं, सचिन तेंडुलकर ने 463 वनडे मैचों में 49 शतक लगाए थे। विराट आज शतक लगाते हैं, तो सचिन के सबसे ज्यादा शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
विराट कोहली को श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उनके शतकों में से 10 श्रीलंका के खिलाफ आए हैं। ऐसे में आज भी फैंस को शतक की उम्मीद है।
सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली ने अब तक सात बार एक कैलेंडर ईयर में 1000 रनों के आंकड़े को पार किया है। विराट कोहली को इस मामले में सचिन से आगे निकलने के लिए सिर्फ 34 रनों की जरूरत है। आज विराट आठवीं बार यह कारनामा कर सकते हैं।
वनडे में श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी विराट आज नया कारनामा कर सकते हैं। विराट श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 4000 रन से सिर्फ 70 रन पीछे हैं। वैसे श्रीलंका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन के मामले में सचिन बहुत आगे हैं। मास्टर ब्लास्टर ने 109 मैच 5108 रन बनाए हैं। अभी कोहली 71 मैच में 3930 रन बना चुके हैं