स्पोर्ट्स डेस्क, इंदौर। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट बिरादरी ने देश के सशस्त्र बलों के साथ अपनी एकजुटता जाहिर की। बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया।
उसके बाद मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने राष्ट्र और सेना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। भारत के ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। पाकिस्तान ने 7 मई को भारत पर हमला किया। उसके बाद क्रिकेटरों ने भारतीय सेना के समर्थन में सोशल मीडिया पोस्ट करना शुरू किया।
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने सशस्त्र बलों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने लिखा कि हमारी सेना की हिम्मत और वीरता के लिए आभारी हूं। हम उन्हें सलाम करते हैं। हमारी सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे।
वरिष्ठ क्रिकेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी पहले सशस्त्र बलों की सेवाओं को सम्मान देते हुए उनकी प्रशंसा की थी।
आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि इस मुश्किल समय में राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ऐसे समय में राष्ट्र सबसे ऊपर है। हमारे सैनिक हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके परिवार देश के लिए बलिदान देते हैं। हम आपके लिए प्रार्थना करते हैं। जय हिंद।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक ने भी भारतीय सेना के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने सेना की वीरता और बलिदान की सराहना करते हुए राष्ट्र के साथ एकजुटता दिखाई।