इंदौर के सारांश जैन का 33 की उम्र में टेस्ट डेब्यू, कुलदीप की जगह मिला मौका
Test Debut: सारांश पिछले कुछ वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं। उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी के लिए भी पहचाने जाते हैं।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 12:20:11 PM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 12:20:39 PM (IST)
सारांश जैन के टेस्ट कैप रविंद्र जड़ेजा से मिला (फोटो: सोशल मीडिया)।HighLights
- 28 साल बाद 33 की उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय
- रविंद्र जडेजा ने सौंपी टेस्ट कैप
- बीमारी के चलते कुलदीप को किया गया बाहर
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के ऑलराउंडर सारांश जैन ने 33 साल की उम्र में भारत के लिए टेस्ट पदार्पण कर नया मुकाम हासिल किया। श्रीलंका के खिलाफ रविवार से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में शुरू हुए दूसरे टेस्ट में उन्हें भारतीय टीम की अंतिम एकादश में शामिल किया गया। रविंद्र जडेजा ने उन्हें टेस्ट कैप प्रदान की।
सारांश पिछले कुछ वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं। उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी के लिए भी पहचाने जाते हैं। वह पिछले 28 वर्षों में 33 साल की उम्र में टेस्ट पदार्पण करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले 1998 में रोबिन सिंह ने इस उम्र में टेस्ट पदार्पण किया था।
लंच तक भारत 88 रन पर दो विकेट
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लंच तक 25 ओवर में दो विकेट पर 88 रन बना लिए थे। देवदत्त पडिक्कल 13 और कप्तान शुभमन गिल 11 रन बनाकर क्रीज पर थे। यशस्वी जायसवाल 45 और केएल राहुल 18 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो और लहिरू कुमारा ने एक-एक विकेट लिया।
भारतीय टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज में पहला मुकाबला जीतकर 1-0 से आगे है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिहाज से यह मुकाबला भारत के लिए अहम है। जीत दर्ज करने पर भारतीय टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच सकती है। कुलदीप यादव को वायरल होने के कारण सारांश जैन को डेब्यू करने का अवसर मिला है।