
नई दिल्ली। आखिरकार दिल्ली डेयरडेविल्स को जीत मिल ही गई। शुक्रवार को दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच हुए मुकाबले में दिल्ली ने न सिर्फ इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया, बल्कि 55 रनों की बड़ी जीत भी दर्ज की।
इस जीत के हीरो रहे दिल्ली के नए कप्तान श्रेयस अय्यर। अय्यर ने 40 गेंदों पर ताबड़तोड़ 93 रनों की पारी खेली। मगर अय्यर के अलावा एक और बल्लेबाज पृथ्वी शॉ था, जिसने दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पृथ्वी ने बतौर सलामी बल्लेबाज 44 गेंदों पर 62 रनों की बड़ी पारी खेली। अपनी इस पारी में पृथ्वी ने मैदान के चारों तरफ शॉट्स खेले। इसी दौरान शॉ के एक शॉट की चारों तरफ चर्चा हो रही है। दिल्ली की पारी के 9 वें ओवर में पृथ्वी शॉ ने केकेआर के गेंदबाज मिचेल जॉनसन की गेंद पर धोनी जैसा हेलीकॉप्टर शॉट जड़ा।
मिचेल जॉनसन ने लेंथ गेंद फेंकी थी, जिसे शॉ ने सीधे मिड विकेट के ऊपर से उठाकर सीधे सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया। जिसने भी ये शॉट देखा, उसे महेंद्र सिंह धोनी के हेलीकॉ़प्टर शॉट की याद आ गई। खुद धोनी भी शॉ के इस शॉट को देखकर जरूर खुश हुए होंगे।
अपनी 62 रनों की पारी में पृथ्वी ने 38 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। इस दौरान वो आईपीएल में फिफ्टी बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। पृथ्वी शॉ ने दिल्ली को जो शुरुआत दिलाई, उसे टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर ने अंजाम तक पहुंचाया। अय्यर ने 40 गेंदों पर 93 रनों की पारी खेली। इस पारी में अय्यर के बल्ले से दस छक्के निकले।
'SHAW'NDAR shot from Prithvi https://t.co/DfvLpCuJeX via @ipl
— aratrick mondal (@crlmaratrick) April 27, 2018
इसी पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने आईपीएल 2018 का सबसे बड़ा 219 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर 9 विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी। केकेआर की तरफ से आंद्रे रसेल ने 44 और शुभमन गिल ने 37 रनों की पारी खेली।
इस जीत के बाद दिल्ली अंक तालिका में आठवें से सातवें स्थान पर आ गई है। दिल्ली डेयरडेविल्स ने अब तक सात में से दो मैच जीते हैं।