Key Highlights IPL Final 2020: रोहित शर्मा की कप्तानी पारी (68) की मदद से मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को दुबई में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेटों से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के खिताब पर कब्जा जमाया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी कर कप्तान श्रेयस अय्यर (65 नाबाद) और रिषभ पंत (56) के अर्द्धशतकों से 7 विकेट पर 156 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 8 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनते हुए इतिहास रच दिया। मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब हासिल किए। दिल्ली पहली बार फाइनल में पहुंचा था और उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
विजेता टीम को मिले 20 करोड़ रुपए
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह ने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को 20 करोड़ रुपए का चेक और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता दिल्ली टीम को साढ़े बारह करोड़ पर संतोष करना पड़ा। ट्रेंट बोल्ट को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया। आरसीबी के देवदत्त पडिक्कल सीजन के सर्वश्रेष्ठ इमर्जिंग प्लेयर चुने गए। केएल राहुल ने ऑरेंज कैप (सत्र में सबसे ज्यादा रन) और कगिसो रबाडा ने पर्पल कैप (सबसे ज्यादा विकेट) पर कब्जा जमाया।
मुंबई को रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक ने अच्छी शुरुआत दिलाई। मार्कस स्टोइनिस ने मुंबई को पहला झटका दिया जब उन्होंने डी कॉक (20) को रिषभ पंत के हाथों झिलवाया। सूर्यकुमार यादव 19 रन बनाकर रन आउट हुए, उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा को बचाने के लिए अपने विकेट का बलिदान दिया। रोहित ने कगिसो रबाडा की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। यह उनकी इस सीजन में तीसरी फिफ्टी है। वे 36 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से इस मंजिल तक पहुंचे। रोहित शर्मा 68 रन बनाकर एनरिच नोर्किया की गेंद पर श्रेयस अय्यर द्वारा खूबसूरती से लपके गए। उन्होंने 51 गेंदों का सामना कर 5 चौके और 4 छक्के लगाए। मुंबई को तीसरा झटका 137 के स्कोर पर लगा। किरोन पोलार्ड 9 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए। हार्दिक पोलार्ड 3 रन बनाकर एनरिच नोर्किया की गेंद पर अजिंक्य रहाणे को कैच थमाया। इसके बाद इशान किशन (33 नाबाद) और कृणाल पांड्या (1 नाबाद) ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की
इसके पूर्व ट्रेंट बोल्ट ने पहली ही गेंद पर मार्कस स्टोइनिस (0) को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों झिलवाया। ट्रेंट बोल्ट ने अपने दूसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे को विकेटकीपर डी कॉक के हाथों झिलवाया। उन्होंने 2 रन बनाए और दिल्ली को दूसरा झटका 16 के स्कोर पर लगा। राहुल चाहर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए जयंत यादव ने फॉर्म में चल रहे शिखर धवन (15) को बोल्ड किया। शिखर धवन ने 15 रन बनाए। दिल्ली को तीसरा झटका 22 के स्कोर पर लगा।
इसके बाद रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर ने दिल्ली की पारी को संभाला। पंंत ने नाथन कोल्टर नाइल की गेंद पर चौका लगाकर अर्द्धशतक पूरा किया। यह उनकी इस सीजन में पहली फिफ्टी हैं। वे 38 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर कोल्टर नाइल की गेंद पर हार्दिक पांड्या को कैच थमा बैठे। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। श्रेयस अय्यर ने बुमराह की गेंद पर चौका लगाकर अर्द्धशतक पूरा किया। वे 40 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से फिफ्टी तक पहुंचे। शिमरोन हेटमायर (5) ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर नाथन कोल्टर नाइल को कैच थमाया। दिल्ली को पांचवां झटका 137 के स्कोर पर लगा।
दिल्ली ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। मुंबई इंडियंस ने एक बदलाव कर राहुल चाहर की जगह जयंत यादव को टीम में शामिल किया।
चार बार के विजेता मुंबई इंडियंस का कुछ देर बाद दुबई में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के फाइनल में पलड़ा भारी रहने का अनुमान है। मुंबई और दिल्ली के बीच इस सीजन में तीन मैच खेले जा चुके हैं और तीनों में मुंबई ने आसान जीत दर्ज की थी। इसके चलते मुंबई के खिलाड़ी बढ़े हुए मनोबल के साथ पांचवें खिताब के लिए मोर्चा संभालेंगे। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली दिल्ली कैपिटल्स टीम पहली बार फाइनल में पहुंची हैं और उसके पास पहली बार खिताब हासिल कर इतिहास रचने का मौका रहेगा।
मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के इस सत्र में तीसरी बार पहले क्वालीफायर में भिड़े थे और उस मैच में मुंबई ने 57 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की थी। मुंबई टीम में बदलाव की उम्मीद कम है, वैसे टीम को चोट की वजह से एक बदलाव करना पड़ सकता है। अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को दिल्ली के खिलाफ पहले क्वालीफायर में ग्रोइन इंजुरी हो गई थी, इसके चलते वे मैदान से बाहर चले गए थे। बोल्ट ने उस मैच में 2 ओवरों में 9 रनों पर 2 विकेट लिए थे। बोल्ट 22 विकेट ले चुके हैं। जसप्रीत बुमराह और बोल्ट की जोड़ी 49 विकेट ले चुकी हैं। यदि बोल्ट नहीं खेले तो उनकी जगह जेम्स पैटिंसन को मौका मिलेगा। मुंबई अपने कप्तान रोहित शर्मा के फॉर्म को लेकर चिंतित रहेगी। रोहित ओपनर के रूप में रनों को योगदान नहीं दे पा रहे हैं। इशान किशन ने ओपनर के रूप में दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन देखने वाली बात होगी कि क्या उन्हें इस मैच में क्विंटन डी कॉक के साथ पारी की शुरुआत का मौका मिलेगा।
दिल्ली कैपिटल्स रविवार को दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद को 17 रनों से हराकर फाइनल में पहुंचा है। इस मुकाबले में शिखर धवन की शानदार बल्लेबाजी (78), कगिसो रबाडा की घातक गेंदबाजी (29/4) और मार्कस स्टोइनिस के ऑलराउंड प्रदर्शन (38 रन और 3 विकेट) ने दिल्ली को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। ओपनिंग करते हुए स्टोइनिस ने दमदार पारी खेली और टीम उन्हें इस बार भी यह भूमिका सौंप सकती हैं। दिल्ली चाहेगी कि इस सीजन में मुंबई के हाथों मिली तीन हार का बदला फाइनल में उसे हराकर पहली बार खिताब जीतते हुए लिया जाए।
आपसी रिकॉर्ड :
मुंबई और दिल्ली के बीच अभी तक आईपीएल में 27 बार मुकाबला हुआ है। मुंबई ने 15 और दिल्ली ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है। आईपीएल 2020 में इनके बीच हुए तीनों मैच मुंबई ने जीते हैं।
टीमें - दिल्ली कैपिटल्स : मार्कस स्टोइनिस, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रिषभ पंत, प्रवीण दुबे, अक्षर पटेल, कगिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिच नोर्किया।
मुंबई इंडियंस : क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, कृणाल पांड्या, नाथन कोल्टर नाइल, जयंत यादव, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।
Posted By: Kiran K Waikar
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे
- #IPL 2020 Final MI vs DC LIVE Updates
- #IPL 2020 Final
- #Delhi Capitals vs Mumbai Indians
- #MI aim for fifth title
- #Delhi Capitals wants to create history
- #Rohit Sharma
- #Shreyas Iyer
- #आईपीएल 2020 फाइनल
- #मुंबई इंडियंस
- #दिल्ली कैपिटल्स
- #Cricket
- #history is set to be created
- #Trent Boult
- #Ravichandran Ashwin
- #क्रिकेट