IPL 2020 MI vs RCB: रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (RCB) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग में दुबई में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस को Super Over में हरा दिया। एबी डीविलियर्स (55 नाबाद), एरोन फिंच (52) और देवदत्त पडिक्कल (54) के अर्द्धशतकों की मदद से आरसीबी ने 3 विकेट पर 201 रन बनाए। इसके जवाब में इशान किशन के 99 और किरोन पोलार्ड के नाबाद 60 रनों की मदद से मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 201 रन बनाते हुए मैच टाई कर दिया। इस मैच में रनों की बारिश हुई, लेकिन सुपर ओवर में शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। आरसीबी के नवदीप सैनी द्वारा डाले गए सुपर ओवर में मुंबई 7 रन ही बना पाया। इसके बाद मुंबई के जसप्रीत बुमराह द्वारा डाले गए ओवर में विराट कोहली ने अंतिम गेंद पर विजयी शॉट लगाया।
सुपर ओवर :
मुंबई की तरफ से किरोन पोलार्ड और हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के लिए उतरे। आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी की जिम्मेदारी नवदीप सैनी ने संभाली।
पहली गेंद : किरोन पोलार्ड ने 1 रन बनाया।
दूसरी गेंद : हार्दिक पांड्या ने 1 रन बनाया।
तीसरी गेंद : पोलार्ड कोई रन नहीं बना पाए।
चौथी गेंद : पोलार्ड ने लांग ऑफ पर चौका जड़ा।
पांचवीं गेंद : पोलार्ड डीप मिडविकेट पर गुरकीरत को कैच थमा बैठे।
छठी गेंद : हार्दिक पांड्या शॉट चूके, लेकिन उन्होंने बाई का 1 रन बनाया।
इस तरह मुंबई ने 7 रन बनाए और आरसीबी के सामने 8 रनों का टारगेट रखा।
आरसीबी की तरफ से एबी डीविलियर्स और विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए उतरे। मुंबई की तरफ से गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह ने संभाली।
पहली गेंद : एबी डीविलियर्स ने 1 रन बनाया।
दूसरी गेंद : विराट कोहली ने 1 रन बनाया।
तीसरी गेंद : डीविलियर्स को अंपायर ने आउट दिया, लेकिन रिव्यू लेकर वो बच गए।
चौथी गेंद : डीविलियर्स ने चौथी गेंद पर चौका लगाया।
पांचवी गेंद : डीविलियर्स ने एक रन बनाया।
छठी गेंद : विराट कोहली ने विजयी चौका लगाया।
इस सत्र का यह दसवां मैच था और इसमें से दूसरे मैच का फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच का फैसला भी सुपर ओवर में हुआ था। दिल्ली ने पंजाब को 2 रनों पर रोकते हुए जीत दर्ज की थी।