IPL 2020: Virat Kohli की निगाहें कप्तानों के इस खास ग्रुप में शामिल होने पर
IPL 2020: विराट कोहली की निगाहें आज आरसीबी को आईपीएल 2020 में सनराइजर्स पर जीत दिलाकर कप्तानों के खास ग्रुप में शामिल होने पर रहेंगी।
By Kiran K Waikar
Edited By: Kiran K Waikar
Publish Date: Mon, 21 Sep 2020 05:26:33 PM (IST)
Updated Date: Tue, 22 Sep 2020 12:54:32 AM (IST)

IPL 2020: रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (RCB) का आज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) में सनराइजर्स हैदराबाद से मुकाबला होगा। Virat Kohli आरसीबी के अभियान का जीत के साथ आगाज करना चाहेंगे। Virat Kohli की निगाहें टीम को जीत दिलाकर कप्तानों के खास समूह में शामिल होने पर टिकी रहेंगी।
Virat Kohli आईपीएल में अभी तक 110 मैचों में आरसीबी टीम की कमान संभाल चुके हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने 49 मैचों में जीत हासिल की, जबकि टीम को 55 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बेनतीजा रहा। विराट की आरसीबी टीम यदि आज सनराइजर्स के खिलाफ मैच जीत जाती है तो विराट की यह कप्तान के रूप में आईपीएल में 50वीं जीत रहेगी और वे इस लीग में कप्तान के रूप में 50 से ज्यादा जीत दर्ज करने वाले चौथे शख्स बन जाएंगे।
इस समूह में महेंद्रसिंह धोनी 105 जीत के साथ पहले क्रम पर हैं। धोनी ने आईपीएल में कुल 175 मैचों में नेतृत्व संभाला और टीम को 105 मैचों में जीत दिलाई। उनके नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स ने 100 और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने 5 मैच जीते थे। गौतम गंभीर 71 जीत के साथ दूसरे स्थान पर हैं, उन्होंने यह सफलता 129 मैचों में हासिल की थी। इस समूह में तीसरे क्रम पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नेतृत्व में टीम ने 105 मैचों में से 60 मैचों में जीत हासिल की हैं।
विराट कोहली आईपीएल में अभी तक 190 छक्के लगा चुके हैं। उन्हें इस टी20 लीग में 200 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के समूह में शामिल होने के लिए 10 छक्के और लगाने हैं। इस ग्रुप में क्रिस गेल 326 छक्के लगाकर पहले क्रम पर हैं। महेंद्रसिंह धोनी 212 और एबी डीविलियर्स 209 छक्कों के साथ दूसरे और तीसरे क्रम पर हैं।