
बेंगलुरू। विराट कोहली के नाबाद शतक (108) की मदद से आरसीबी ने शनिवार को आईपीएल-9 में पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। अजिंक्य रहाणे (74) और सौरभ तिवारी (52) के अर्द्धशतकों से पुणे ने 6 विकेट पर 191 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 3 गेंद शेेष रहते 3विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। कोहली का यह इस आईपीएल का दूसरा शतक है। आरसीबी के 8 मैचों से 6 अंक है जबकि पुणे के 10 मैचों से 6 अंकों के साथ प्लेअॉफ की होड़ से लगभग बाहर हो चुका है।
लक्ष्य का पीछा कर रहे आरसीबी को विराट और राहुल ने तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 94 रनों की भागीदारी की। राहुल 38 रन बनाकर जाम्पा की गेंद पर डीप कवर्स पर बैली को कैच थमा बैठे। जाम्पा ने इसी अोवर में डी'विलियर्स (1) को लांग ऑफ पर परेरा के हाथों झिलवाया। इसके बाद शेन वॉटसन 13 गेंदों में 5 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने परेरा के एक अोवर में 5 चौके लगाए। वे आरपी सिंह के शिकार बने। विराट ने आरपी सिंह की गेंद पर छक्का लगाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने डिंडा की गेंद पर चौका लगाते हुए टीम को जीत दिलाई। वे 58 गेंदों में 8 चौकों व 7 छक्कों की मदद से 108 रन बनाकर तथा ट्रेविस हेड 6 रन बनाकर नाबाद रहे।
आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आरसीबी को पहली सफलता तब मिली जब उस्मान ख्वाजा (16) रन आउट होकर पैवेलियन लौटे। 26 पर पहला विकेट गिरने के बाद रहाणे और तिवारी ने पारी को संभाला। सौरभ तिवारी बहुत भाग्यशाली रहे कि 19 रनों के निजी स्कोर पर उन्हें वरूण एरोन की गेंद पर लगातार दो जीवनदान मिले। छठे ओवर की तीसरी गेंद पर कवर पाइंट पर स्टुअर्ट बिन्नी ने और फिर अगली गेंद पर पाइंट पर सचिन बेबी ने उनके आसान कैच छोड़े।
यह भी पढ़ें : विराट कोहली के हाथों तेंडुलकर का यह आईपीएल रिकॉर्ड टूटना तय
रहाणे जब 27 रनों पर थे तब एरोन की गेंद पर उनका कैच छूटा, वॉटसन दौड़कर आए लेकिन उन्होंने कैच नहीं लपका। तिवारी जब 25 रनों पर थे तब उन्हें तीसरा जीवनदान मिला जब युजवेंद्र चहल की गेंद पर विकेटकीपर केएल राहुल ने उन्हें स्टम्पिंग का मौका छोड़ा। तिवारी ने 37 और रहाणे ने 34 गेंदोें में अर्द्धशतक पूरे किए। चहल की वाइड गेंद पर विकेटकीपर राहुल ने तिवारी को स्टम्प कर इस साझेदारी को तोड़ा। तिवारी 39 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। तिवारी और रहाणे ने 11.4 अोवरों में 106 रन जोड़े। कप्तान महेंद्रसिंह धोनी 9 रन बनाकर वॉटसन के शिकार बने। रहाणे को वॉटसन ने बोल्ड किया। उन्होंने 48 गेंदों में 8 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। वॉटसन ने इसी अोवर में जॉर्ज बैली (0) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। रविचंद्रन अश्विन 10 और रजत भाटिया 9 रन बनाकर नाबाद रहे। वॉटसन सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 24 रन देकर 3 विकेट लिए।