
वाराणसी। भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा 9 दिसंबर को बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इससे पहले ईशांत और प्रतिमा यहां दशाशवमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल हुए।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 9 नवंबर से राजकोट में शुरू होगी। ईशांत चिकनगुनिया के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए थे। उन्होंने अब उससे उबरकर इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए टीम में वापसी की है।
ईशांत की 9 दिसंबर को शादी होनी है जिसके चलते वे इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में 8 दिसंबर से होने वाले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। अब देखना होगा कि क्या जब सिलेक्टर्स अंतिम तीन टेस्ट मैचों के लिए टीम चयन करेंगे तब क्या ईशांत उपलब्ध रहेंगे। ईशांत ने यदि उपलब्धता जताई तो वे मोहाली में 26 से 30 नवंबर तक होने वाले तीसरे और चेन्नई में 16 से 20 दिसंबर तक होने वाले अंतिम टेस्ट मैच में खेल सकते हैं।
प्रतिमा भारत की बास्केटबॉल कप्तान रह चुकी हैं। वे भारतीय बास्केटबॉल की प्रसिद्ध ‘सिंह सिस्टर्स’ में पांच बहनों में सबसे छोटी हैं। इन सभी बहनों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
विराट के पास 2016 का टॉप स्कोरर बनने का मौका

मालूम हो इस साल 20 जून को ईशांत ने प्रतिमा से सगाई की थी। तब खबर आई थी कि भारत के स्टार गेंदबाज ईशांत शर्मा मैदान पर जितने आक्रामक नजर आते हैं, निजी जीवन में उतने ही चुप चुप रहते हैं। वे बड़े छुपे रूस्तम निकले। देश की जानी-मानी बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह से उनका कई वर्षों से अफेयर चल रहा था, लेकिन मीडिया को इसकी कोई खबर नहीं लगी जबकि वे कई बार वाराणसी जाते रहते थे।