
बेंगलुरू। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रविवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल-9 के खिताबी मुकाबले में रोमांचक भिड़ंत की उम्मीद है। इनमें से खिताब कोई भी जीते, आईपीएल में नया विजेता बनना तय है।
इन टीमों के वर्तमान प्रदर्शन और घरेलू परिस्थितियों को देखते हुए आरसीबी का पलड़ा थोड़ा भारी रहने की उम्मीद है। आरसीबी को बड़े मैच खेलने का अनुभव और यह उसका तीसरा आईपीएल फाइनल है। वह 2009 और 2011 में उपविजेता बना था। जबकि सनराइजर्स का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2013 में रहा था, जब वह प्लेऑफ में पहुंचा था।
यह भी पढ़ें : Video: पूनम पांडे ने ऐसे किया विराट के प्रति किया प्यार का इजहार
आरसीबी ने की जबर्दस्त वापसी
आरसीबी का आईपीएल में अभियान राह भटक गया था और एक समय उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए राउंड रॉबिन के अंतिम चारों मैच जीतने थे। आरसीबी ने न केवल इसे हासिल किया, बल्कि पहले क्वालीफायर में गुजरात लॉयंस को हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। यह टीम दो बार खिताब से वंचित हो चुकी है, इसलिए इस बार घरेलू दर्शकों के सामने टीम जीत के लिए पूरी ताकत लगाएगी। आरसीबी ने टूर्नामेंट के अंतिम चरण में गुजरात लॉयंस को रिकॉर्ड 144 रनों से, केकेआर को 9 विकेट से, किंग्स इलेवन को डकवर्थ-लुईस पद्धति से 82 रनों से और दिल्ली डेयरडेविल्स को 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। इसके बाद उसने पहले क्वालीफायर में गुजरात क 4 विकेट से हराया।
यह भी पढ़ें : ...ऐसा क्या हुआ कि वॉर्नर से भिड़ने पहुंच गए प्रवीण कुमार
आरसीबी की ताकत कप्तान विराट कोहली और एबी डी'विलियर्स की धमाकेदार बल्लेबाजी रही है। विराट जहां 4 शतक और 6 अर्द्धशतक के साथ रिकॉर्ड 919 रन बना चुके हैं। वहीं फॉर्म में चल रहे डी'विलियर्स ने पहले क्वालीफायर में हैरतअंगेज पारी खेलते हुए आरसीबी को जीत दिलाई थी। डी'विलियर्स 682 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी आक्रमण की कमान शेन वॉटसन और युवा युजवेंद्र चहल ने संभाल रखी है, ये दोनों 20-20 विकेट ले चुके हैं।
सनराइजर्स की उम्मीदें वॉर्नर पर निर्भर
दूसरी तरफ सनराइजर्स टीम कप्तान डेविड वॉर्नर के इर्द-गिर्द मंडरा रही है। वॉर्नर ने 16 मैचों में 59.92 की औसत और 149.23 की स्ट्राइक रेट से 779 रन बनाए है। उन्होंने इस दौरान 8 अर्द्धशतकीय पारियां खेली है। वॉर्नर को बल्लेबाजी में दूसरे छोर से उचित सहयोग नहीं मिल पाया है। वॉर्नर उम्मीद करेंगे कि शिखर धवन, युवराज सिंह, दीपक हूडा और मोइजेस हैनरिक्स जिम्मेदारीभरा प्रदर्शन कर टीम को बड़ा स्कोर बनाने में मदद करे।
यह भी पढ़ें : भुवनेश्वर को पर्पल कैप के लिए मिल रही इन दो गेंदबाजों से टक्कर
टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण बहुत शानदार रहा है, लेकिन युवा मुस्ताफिजुर रहमान की चोट कप्तान के लिए चिंता का विषय है। वे हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते दूसरे क्वालीफायर में नहीं खेल पाए थे। भुवनेश्वर इस वक्त जबर्दस्त फॉर्म में है और सफल गेंदबाजों की सूची में 23 विकेटों के साथ शीर्ष पर है। नेहरा पहले ही चोट के चलते आईपीएल से बाहर हो चुके हैं और यदि मुस्ताफिजुर नहीं खेल पाए तो यह सनराइजर्स के लिए करारा झटका होगा।
एक-एक की बराबरी : सनराइजर्स और आरसीबी के बीच इस संस्करण में अभी तक दो मैच खेले गए, जिनमें दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीते। आरसीबी ने बेंगलुरू में हुए मैच में 45 रन से जीत दर्ज की थी तो सनराइजर्स ने हैदराबाद में हुए मुकाबले को 15 रनों से जीता।
बहुत कुछ रहेगा दांव पर
इस खिताबी मुकाबले में बहुत कुछ दांव पर रहेगा। विराट कोहली का ऑरेंज कैप जीतना लगभग तय है, क्योंकि दूसरे स्थान पर चल रहे डेविड वॉर्नर उनसे 140 रन पीछे है। इसी तरह पर्पल कैप के लिए जंग भी सनराइजर्स के भुवनेश्वर कुमार और आरसीबी के शेन वॉटसन और युजवेंद्र चहल के बीच है। भुवी अभी तक 23 विकेट ले चुके हैं, जबकि चहल और वॉटसन के 20-20 विकेट हैं। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए भी विराट का दावा मजबूत है, लेकिन एबी डी'विलियर्स और वॉर्नर उन्हें चुनौती दे रहे हैं।