
मल्टीमीडिया डेस्क। विराट कोहली का कीर्तिमान बनाने का सिलसिला जारी है और उन्होंने रविवार को इस वर्ष टी-20 में रिकॉर्ड 17वीं बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाते हुए रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) को आईपीएल-9 के प्लेऑफ में पहुंचा दिया।
कोहली ने रायपुर में नाबाद 54 रन बनाते हुए आरसीबी को दिल्ली डेयरडेविल्स पर 6 विकेट से जीत दिलाई। यह कोहली का इस वर्ष टी-20 क्रिकेट में 17वां फिफ्टी प्लस स्कोर था और उन्होंने क्रिस गेल के एक वर्ष में टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर के रिकॉर्ड (16) को तोड़ा। गेल ने यह कीर्तिमान 2012 में बनाया था। कोहली इस वर्ष टी-20 मैचों में 17 फिफ्टी प्लस स्कोर की मदद से 1544 रन बना चुके हैं। विराट ने 4 शतक और 11 अर्द्धशतक बनाए।
यह भी पढ़ें : विराट IPL में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज
कोहली को आईपीएल में रोक पाने के बारे में सोचना भी मुश्किल नजर आ रहा है। इस लीग में वे 4 शतकों और 6 अर्द्धशतकों के साथ 91.90 की औसत से 919 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 152.40 है। इस दौरान वे लीग के एक संस्करण में सबसे ज्यादा शतक (4) , सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर (10) और सबसे ज्यादा कुल स्कोर (919) जैसे कीर्तिमान अपने नाम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें : कोहली का कमाल, आरसीबी की पुणे पर जीत में लगी कीर्तिमानों की झड़ी
आरसीबी ने रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स को हराया और वह अंक तालिका में दूसरे क्रम पर पहुंचा, इसके चलते अब उसके पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके होंगे। फाइनल 29 मई को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडिटम में ही खेला जाएगा। आरसीबी को पहले क्वालीफायर में गुजरात लॉयंस से भिड़ना होगा, जो चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही होगा। आरसीबी ने पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ इसी मैदान में इस संस्करण का सबसे बड़ा स्कोर (248/3) खड़ा किया था।
यह भी पढ़ें : अच्छे फॉर्म में हो तो घमंडी होना महत्वपूर्ण : विराट
इतिहास रचने के करीब : कोहली इतिहास रचने से मात्र 81 रन दूर है। वे 81 रन और बनाने के साथ ही किसी भी टी-20 टूर्नामेंट के एक संस्करण में 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। उन्होंने क्रिस गेल और माइक हसी द्वारा किसी टी-20 लीग के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने (733-733) का रिकॉर्ड तोड़ा था। गेल और हसी ने क्रमश आईपीएल के 2012 और 2013 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
आरसीबी के खिताब के अवसर बढ़े : कोहली के शानदार फॉर्म की वजह से आरसीबी के पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के अवसर बढ़ गए है। आरसीबी अभी तक दो बार उपविजेता रह चुका है। 2009 में उसे फाइनल में डेक्कन चार्जर्स से और 2011 में उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा था। कोहली के फॉर्म से आरसीबी का खिताबी सूखा दूर हो गया तो कप्तान कोहली की मेहनत सच्चे अर्थों में सफल होगी।