
किरण वाईकर। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली इस वक्त जबर्दस्त फॉर्म में है और लीग के इस संस्करण में तीन शतक जड़ चुके हैं। आरसीबी को सोमवार को कोलकाता में कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) का सामना करना है और कोहली की निगाहें इस मैच में एक और जोरदार पारी खेलकर आईपीएल के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रनों के दुर्लभ रिकॉर्ड को तोड़ने पर रहेगी।
कोहली 11 मैचों में 677 रन बना चुके है और उन्हें क्रिस गेल और माइक हसी के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 57 रनों की आवश्यकता है। कोहली के पास आईपीएल के इस संस्करण में कम से कम तीन मैच बाकी है और उनका इस रिकॉर्ड को तोड़ना लगभग तय है। विराट के इस फॉर्म को देखते हुए उनके द्वारा इस रिकॉर्ड को केकेआर के खिलाफ भी तोड़ा जा सकता है।
यह भी पढ़ें : विराट IPL में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज
आईपीएल के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से क्रिस गेल (आरसीबी) और माइक हसी (चेन्नई सुपर किंग्स) के नाम दर्ज है, जिन्होंने 733-733 रन बनाए है। आरसीबी के क्रिस गेल ने 2012 में 15 मैचों में 61.08 की औसत से 733 रन बनाए थे। उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 7 अर्द्धशतक जड़े थे। उनका स्ट्राइक रेट 160.74 रहा था।
यह भी पढ़ें : OMG! विराट ने कहा, चुप हो जाओ डी'विलियर्स
गेल के इस रिकॉर्ड की सीएसके के हसी ने अगले साल (2013) बराबरी की। हसी ने इस दौरान 17 मैचों में 52.35 की औसत से 733 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 6 अर्द्धशतकीय पारियां खेली थी।
विराट का बल्ला आईपीएल-9 में रन उगल रहा है और यह बल्लेबाज 11 मैचों में 75.22 की औसत से 677 रन बना चुका है। उन्होंने इस दौरान रिकॉर्ड तीन शतक जड़े तथा 4 अर्द्धशतकीय पारियां खेली। विराट इस वक्त एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर है, गेल 2013 में 16 मैचों में 708 रन बना चुके थे।