
बेंगलुरु। सूखे की मार झेल रहे महाराष्ट्र में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर चल रहे विवाद के बीच रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को कहा कि उन्हें बांबे हाई कोर्ट के आदेश का इंतजार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों संबंधित पक्ष सौहार्दपूर्ण हल निकाल लेंगे।
कोहली ने यहां संवाददाताओं से कहा, "अगर समाधान निकाला जा सकता है तो मुझे यकीन है कि वे (याचिकाकर्ता और प्रतिवादी) चीजों को आगे बढ़ाने का तरीका ढूंढ लेंगे। मुझे यकीन है कि जो भी फैसला किया जाएगा, दोनों पक्ष आपसी सहमति से सही ही करेंगे। क्योंकि यह सिक्के के दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ हित में लिया जाएगा। हां, चीजें फिलहाल उसी तरह हैं जैसी हमें दिख रही हैं। मुझे भी इंतजार है कि फैसला क्या होगा।"
महाराष्ट्र में आईपीएल मैचों के लिए पानी के इस्तेमाल को लेकर विवाद उस समय सामने आया जब बांबे हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करके आईपीएल के दौरान पिचों पर पानी के इस्तेमाल के लिए अतिरिक्त राशि मांगने का निर्देश देने को कहा गया।
कोहली ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि मेरा नजरिया अधिक मायने रखता है। इस मुद्दे को सुलझाना अधिकारियों और शीर्ष पद पर बैठे लोगों पर निर्भर करता है, जो बेशक उनके संज्ञान में है।"