
किरण वाईकर। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली का आईपीएल-9 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनना लगभग तय है। विराट यह उपलब्धि हासिल करने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। आईपीएल के 8 संस्करण हो चुके है और अभी तक भारत की तरफ से सिर्फ सचिन तेंडुलकर ने ही 2010 में यह उपलब्धि हासिल की है।
विराट इस वक्त जबर्दस्त फॉर्म में है और मैच दर मैच कीर्तिमानों की झड़ी लगा रहे हैं। उन्होंने 15 मैचों में 83.54 की औसत से तथा 151.90 के स्ट्राइक रेट से 919 रन बनाए है। विराट ने एक संस्करण में सबसे ज्यादा शतक (4 शतक) का कीर्तिमान बनाया। उन्होंने एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन (919) का कीर्तिमान बनाया। उन्होंने कप्तान के रूप में दो संस्करणों में 500 प्लस स्कोर बनाने के सचिन तेंडुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ा। विराट अपने धमाकेदार प्रदर्शन से आरसीबी को फाइनल में पहुंचा चुके है और दूसरा कोई खिलाड़ी उनके करीब नजर नहीं आ रहा है। सनराइजर्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने 686 रन बनाए है, वे दो मैच और खेल सकते हैं, लेकिन कोहली की उपलब्धियों को पार करना उनके लिए असंभव ही है।
यह भी पढ़ें : आईपीएल में तेंडुलकर के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सका कोई भारतीय
सचिन तेंडुलकर ने 2010 आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए 15 मैचों में 132.61 की स्ट्राइक रेट से 618 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक जमाए। सचिन को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। तब दूसरे नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैक कैलिस काबिज थे, जिन्होंने 16 मैचों में 572 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 115.78 का था।
यह भी पढ़ें : विराट के शून्य पर आउट होते ही फिर उड़ा अनुष्का का मजाक
2008 में खेले गए आईपीएल के पहले संस्करण में राजस्थान रॉयल्स चैंपियन बना था और उसके ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। 2009 में आईपीएल-2 में डेक्कन चार्जर्स को अपने नेतृत्व में चैंपियन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एडम गिलिक्रस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। तीसरे संस्करण में चैंपियन तो चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) बना, लेकिन उपविजेता मुंबई इंडियंस के सचिन को इस अवॉर्ड से नवाजा गया।
2011 में हुए चौथे संस्करण में सीएसके लगातार दूसरी बार विजेता बना, लेकिन लगातार दूसरी बार ऐसा मौका रहा जब उपविजेता आरसीबी के क्रिस गेल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। 2012 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहली बार खिताब हासिल किया और टीम के कैरेबियाई स्पिनर सुनील नरेन टूर्नामेंट के मोल्य वेल्युएबल प्लेयर चुने गए। 2013 में मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन चुने गए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट। 2014 में उपविजेता रहे किंग्स इलेवन के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को इस अवॉर्ड से नवाजा गया। पिछले वर्ष 2015 में मुंबई इंडियंस दूसरी बार विजेता बना, लेकिन केकेआर के कैरेबियाई ऑलराउंडर आंद्रे रसेल टूर्नामेंट के प्रमुख खिलाड़ी चुने गए।