
मल्टीमीडिया डेस्क। विराट कोहली के नाबाद शतक (108) की मदद से आरसीबी ने शनिवार को बेंगुलरू में आईपीएल-9 में पुणे सुपरजायंट्स पर 7 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। विराट ने मैच में सचिन तेंडुलकर का अनोखा कीर्तिमान तोड़ा और इस मैच में कीर्तिमानों की झड़ी लग गई।
विराट ने तोड़ा गेल का कीर्तिमान : कोहली ने इस मैच में 108 रनों की पारी खेली और इसी के साथ उन्होंने इस आईपीएल में अपने रनों की संख्या को 541 तक पहुंचा दिया। कोहली अब 8 मैचों में 90.16 की औसत से 541 तक बना चुके हैं। इसी के साथ वे आईपीएल में सबसे कम मैचों में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने क्रिस गेल के 9 मैचों में 500 रन बनाने के कीर्तिमान को तोड़ा। गेल ने यह कारनामा 2011 में किया था। इसी के साथ आईपीएल के एक संस्करण में दो शतक लगाने के मामले में विराट कोहली ने क्रिस गेल की बराबरी कर ली है। कोहली ने 2015 में गुजरात लायंस और पंजाब के खिलाफ शतक ठोके। वहीं गेल ने 2011 में दो शतक लगाए थे।
यह भी पढ़ें : मैच विजयी पारी खेलने के लिए संकल्पित थे विराट
कप्तान के रूप में दो आईपीएल शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी : विराट कोहली ने पुणे के खिलाफ 108 रनों की नाबाद पारी खेली। यह इस आईपीएल में उनका दूसरा शतक है। उन्होंने इससे पहले गुजरात लॉयंस के खिलाफ राजकोट में नाबाद 100 रन बनाए थे। वे आईपीएल में कप्तान के रूप में दो शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए। उन्होंने यह दोनों शतक भी एक ही संस्करण में बनाए।
यह भी पढ़ें : IPL-9: कोहली के शतक से आरसीबी की रोमांचक जीत
कप्तान के रूप में तीन संस्करणों में 500 से ज्यादा रन : कोहली इस आईपीएल में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं और वे इसी के साथ आईपीएल के तीन अलग-अलग संस्करणों में कप्तान के रूप में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में मुंबई इंडियंस के सचिन तेंडुलकर (2010 - 618 रन, 2011 - 553 रन) को पीछे छोड़ा। कोहली ने इससे पहले 2013 में 634 रन और 2015 में 505 रन बनाए थे। वे 2016 में 8 मैचों में अभी तक 541 रन बना चुके हैं।
रहाणे की उपलब्धि : पुणे के अजिंक्य रहाणे ने आरसीबी के खिलाफ 74 रन बनाए। यह इस आईपीएल में उनका छठा अर्द्धशतक है। वे एक आईपीएल में छह अर्द्धशतक लगाने वाले गौतम गंभीर और विराट कोहली के बाद तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने।