
मल्टीमीडिया डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के विराट कोहली और एबी डी'विलियर्स ने शनिवार को बेंगलुरू में इतिहास रच दिया। डी'विलियर्स-कोहली ने गुजरात लॉयंस के खिलाफ तीन अनोखे कीर्तिमान रचे। इन दोनों ने आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी की। इन्होंने इसके अलावा एक संस्करण में चार शतकीय भागीदारी करने का अनोखा कीर्तिमान भी बनाया। इन दोनों ने एक ही मैच में शतक लगाए, जो टी-20 क्रिकेट में सिर्फ दूसरी बार हुआ।
आईपीएल की सबसे बड़ी साझेदारी : डी'विलियर्स (129 नाबाद) और कोहली (109) ने दूसरे विकेट के लिए 229 रनों की साझेदारी की, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले आईपीएल की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी इन दोनों के नाम था, जब उन्होंने पिछले वर्ष मुंबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 215 रनों की नाबाद भागीदारी की थी।
यह भी पढ़ें : विराट IPL में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज
आईपीएल के एक संस्करण में सबसे ज्यादा शतकीय भागीदारियां : डी'विलियर्स और कोहली ने गुजरात के खिलाफ इस मैच में द्विशतकीय भागीदारी की। यह इनके बीच आईपीएल के इस संस्करण में चौथी शतकीय भागीदारी है, जो इस टी-20 लीग में रिकॉर्ड है। इस मैच से पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से गौतम गंभीर-शिखर धवन (2008), क्रिस गेल-विराट कोहली (2012) और कोहली-डी'विलियर्स के नाम दर्ज था, इन्होंने एक संस्करण में 3-3 शतकीय भागीदारियां की थी।
यह भी पढ़ें : गुजरात लॉयंस के नाम दर्ज हुआ यह शर्मनाक IPL रिकॉर्ड
एक टी-20 मैच में दो शतक : इस मैच में डी'विलियर्स ने 129 और कोहली ने 109 रन बनाए, यह किसी भी टी-20 क्रिकेट इतिहास में सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी टी-20 मैच की एक पारी में दो शतक लगे। इससे पहले ग्लॉस्टरशायर के केविन ओ'ब्रायन (119) और हामिश मार्शल (102) (ग्लॉस्टरशायर) ने 2011 में इंग्लिश काउंटी में मिडिलसेक्स के खिलाफ शतक लगाए थे।
आईपीएल-9 का सबसे तेज शतक : डी'विलियर्स ने 43 गेंदों में शतक बनाया, जो आईपीएल-9 का सबसे तेज शतक है। वैसे यह आईपीएल इतिहास का पांचवां तेज शतक है। सबसे तेज शतक आरसीबी के क्रिस गेल के नाम दर्ज है जब उन्होंने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में शतक बनाया था।
आईपीएल का दूसरा बड़ा स्कोर : आरसीबी ने 3 विकेट पर 248 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास का दूसरा बड़ा स्कोर है। आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर भी आरसीबी के नाम दर्ज है जब उसने 23 अप्रैल 2013 को पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 5 विकेट पर 263 रन बनाए थे।