
नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप के लिए भारत आए पाक टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी को भारत की तारीफ करना महंगा पड़ता जा रहा है। जहां एक तरफ उनके बयान को लेकर पाकिस्तान में बवाल मचा हुआ है वहीं अब उन्हें नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शाहिद अफरीदी को भारत की तारीफ करने के लिए लाहौर हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर दिया है। अफरीदी को इसका जवाब देने के लिए के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। यह नोटिस अफरीदी के बयान के खिलाफ दायर एक याचिका पर सुनवाई के बाद जारी हुआ है। मालूम हो कि भारत आने के बाद अफरीदी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में मिला है।
बता दें कि भारत आने के बाद अपने पहले अभ्यास मैच से पहले अफरीदी ने कहा था- 'हमने भारत में हमेशा क्रिकेट का मजा लिया है। भारत के लोगों से हमेशा बहुत प्यार मिला, इतना प्यार तो पाकिस्तान में भी नहीं मिला। भारत उन चुनिंदा देशों में से एक हैं, जहां मुझे खेलने में हमेशा से मजा आता रहा है।'
उनके इस बयान के बाद पाकिस्तान में सोशल मीडिया और न्यूज चैनल्स पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच अब उन्हें हाईकोर्ट ने नोटिस भी जारी कर दिया है।