
ऑकलैंड। ग्रांट एलियट की जोरदार पारी (84*) की मदद से न्यूजीलैंड ने बेहद रोमांचक वर्षा बाधित विश्व कप सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ-लुईस पद्धति से 4 विकेटों से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। एलियट मैन ऑफ द मैच चुने गए। अब न्यूजीलैंड का फाइनल में मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से मेलबर्न में 29 मार्च को होगा।
फॉफ डू प्लेसिस (82) और कप्तान एबी डी'विलियर्स (65 नाबाद) की उम्दा पारियों से द. अफ्रीका ने 5 विकेट पर 281 रन बनाए। न्यूजीलैंड को 298 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे उसने 1 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलियट 72 गेंदों पर 7 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर नाबाद रहे। डेनियल विटोरी 7 रनों पर नाबाद रहे।
न्यूजीलैंड इससे पहले छह बार विश्व कप सेमीफाइनल में पराजित हो चुका था। दक्षिण अफ्रीका विश्व कप में चौथी बार सेमीफाइनल में पराजित हुआ। न्यूजीलैंड ने ऑकलैंड में दूसरी बार विश्व कप सेमीफाइनल खेला और इस बार वह जीतने में सफल रहा। पिछली बार 1992 में उसे यहां पाकिस्तान से 4 विकेट से हार मिली थी।
यह भी पढ़े : बोल्ट ने रचा इतिहास, एलट का कीर्तिमान भंग किया
मॅक्कुलम ने तूफानी बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए 22 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। यह उनका इस विश्व कप में चौथा और कुल 31वां अर्द्धशतक है। वे 26 गेदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाने के बाद मॉर्केल की गेंद पर मिडऑन पर स्टेन को कैच थमा बैठे। वैसे उन्होंने गप्टिल के साथ पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़कर टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई। विलियम्सन मात्र 6 रन बनाकर मॉर्केल की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठे। अब उम्मीदें इस विश्व कप में दोहरा शतक लगा चुके गप्टिल पर टिक गई थी, लेकिन वे रॉस टेलर के साथ जोखिमभरा रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए। उन्होंने 34 रन बनाए। जेपी डुमिनी ने रॉस टेलर (30) को विकेटकीपर कॉक के हाथों झिलवाया।
एंडरसन जब 33 रनों पर थे तब एबी डी'विलियर्स ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया। एलियट ने स्टेन की गेंद को पाइंट की तरफ खेला, तभी नॉन स्ट्राइकर छोर से एंडरसन रन के लिए दौड़े, एलियट ने उन्हें वापस भेजा। इस बीच गेंद नॉन स्ट्राइकर छोर पर भेजी गई, लेकिन डी'विलियर्स ने थ्रो को पकड़ा, लेकिन गेंद उनके हाथ से छूट गई और उन्होंने हाथ से गिल्लियां उड़ा दी।
यह भी पढ़े : 39 वर्षों में पहली बार फाइनल में न्यूजीलैंड
एंडरसन ने ताहिर की गेंद पर एक रन लेते हुए 47 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। इसके कुछ गेंदों बाद एलियट ने चौका लगाते हुए अपना अर्द्धशतक पूरा किया। एंडरसन ने मॉर्केल की गेंद पर लंबा शॉट मारने के चक्कर में गेंद को हवा में खेल दिया और फॉफ डू प्लेसिस ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। वे 57 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एलियट के साथ पांचवें विकेट के लिए 103 रनों की भागीदारी की। स्टेन ने ल्युक रोंची (8) को रोसो के हाथों झिलवाया। एलियट जब 66 रनों पर थे तब विकेटकीपर कॉक ने उन्हें रन आउट करने का मौका छोड़ा। एलियट जब 75 रनों पर थे तब मॉर्केल की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी बेहारदीन ने उनका कैच छोड़ा।
नाटकीय रही मैच की शुरुआत
इसके पूर्व मैच की शुरुआत बहुत नाटकीय रही और शुरू में ही द. अफ्रीकी बल्लेबाजों को दो जीवनदान मिले। इसके बाद वर्षा हुई और ओवरों की संख्या घटाकर 43-43 कर दिया गया। टॉस जीतकर द. अफ्रीका पहले बल्लेबाजी कर रहा था। क्विंटन डी कॉक जब 4 रनों पर थे तब ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर विकेटकीपर ल्युक रोंची ने उनका कैच छोड़ा। अमला जब 0 पर थे तब टिम साउदी की गेंद को उन्होंने पुल किया, बाउंड्री पर ट्रेंट बोल्ट उनका कैच नहीं लपक पाए। अमला (10) ने बोल्ट की गेंद को स्टंप्स पर खेल लिया। इसके बाद जब टीम का स्कोर 31 तक पहुंचा था तभी कॉक (14) ने बोल्ट की गेंद पर थर्डमैन पर टिम साउदी को कैच थमा दिया। 31 रनों पर 2 विकेट के बाद प्लेसिस और रोसो ने पारी को संभाला।
पारी के 21वें ओवर में प्लेसिस ने साउदी की गेंद पर चौका लगाते हुए रोसो के साथ अर्द्धशतकीय भागीदारी पूरी की। टीम के 100 रन 25वें ओवर में पूरे हुए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 83 रन जोड़े थे तभी कोरी एंडरसन की गेंद पर बैकवर्ड पाइंट पर मार्टिन गप्टिल ने डाइव लगाकर रोसो (39) का कैच लपका। प्लेसिस ने मैट हैनरी की गेंद पर 2 रन बनाते हुए अर्द्धशतक पूरा किया। यह उनका वन-डे में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथा और कुल 15वां अर्द्धशतक है। 114 पर तीसरा विकेट गिरने के बाद प्लेसिस और डी'विलियर्स चौथे विकेट के लिए 48 रनों की अविजित भागीदारी कर चुके हैं।
डी'विलियर्स को मिला था जीवनदान
डी'विलियर्स जब 38 रनों पर थे तब एंडरसन की गेंद पर विलियम्सन ने उनका कैच छोड़ा। यह कैच महंगा पड़ा क्योंकि इसके बाद डी'विलियर्स ने अगली तीन गेंदों पर एक छक्का और दो चौके लगाते हुए अर्द्धशतक पूरा किया।उन्होंने 32 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। यह उनका इस विश्व कप में तीसरा और कुल 46वां अर्द्धशतक है। खराब शुरुआत से उबरते हुए द. अफ्रीकी टीम ने 37वें ओवर की पहली गेंद पर 200 रन पूरे किए। नाटकीय शुरुआत के बाद द. अफ्रीका ने 38 ओवरों में 3 विकेट पर 216 रन बना लिए थे, तभी वर्षा के कारण खेल रोक दिया गया। इसके बाद जब मैच शुरू हुआ तो ओवरों की संख्या घटाकर 43-43 कर दी गई।
प्लेसिस 82 रन बनाने के बाद एंडरसन की गेंद पर विकेटकीपर रोंची द्वारा लपके गए। प्रारंभ में अंपायर ने नॉटआउट करार दिया था, लेकिन न्यूजीलैंड टीम ने रेफरल का सहारा लिया और उन्हें इसका लाभ मिला। प्लेसिस ने डी'विलियर्स के साथ चौथे विकेट के लिए 103 रनों की भागीदारी की।
इसके बाद डेविड मिलर ने तूफानी पारी खेली, उन्होंने 18 गेंदों पर 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 49 रन बनाए। वे अंतिम ओवर में एंडरसन की गेंद पर रोंची द्वारा लपके गए। डी'विलियर्स 45 गेंदों का सामना कर 8 चौकों व 1 छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर नाबाद रहे। जेपी डुमिनी 8 रन बनाकर नाबाद रहे।