
मुंबई। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा है कि आईपीएल महाराष्ट्र से बाहर शिफ्ट होता है तो राज्य को 100 करोड़ रुपये का नुकसान होगा। ठाकुर का बयान तब आया है जब एक दिन पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा था कि आईपीएल राज्य से बाहर जाता है तो उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।
यहां एक कार्यक्रम में ठाकुर ने कहा, "मैचों के बाहर आयोजित होने पर राज्य को सौ करोड़ का नुकसान होगा। यह आंकड़ा बीसीसीआई की ओर से पिछले सीजन के बाद कराए गए अध्ययन पर आधारित है। आईपीएल से जो कमाई राज्य को होगी उसका इस्तेमाल सूखाग्रस्त इलाकों में पानी की समस्या दूर करने के लिए किया जा सकता है।"
आईपीएल मैचों में पानी के अत्याधिक प्रयोग को लेकर आलोचना झेलने वाले फड़नवीस ने कहा था कि इस साल आईपीएल को पीने योग्य पानी नहीं उपलब्ध कराया जाएगा। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और नागपुर शहरों में आईपीएल के 20 मैच आयोजित होने हैं।
ठाकुर ने कहा कि बीसीसीआई भी पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को लेकर चिंतित है। फ्रेंचाइजी टीमों के साथ मिलकर हम गांवों को गोद लेने पर विचार कर रहे हैं। 12 अप्रैल को मैचों को शिफ्ट करने को लेकर बांबे हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई में हम अपना पक्ष रखेंगे।