
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया। गॉल की पिच पर जबरदस्त टर्न मिल रहा था, लेकिन केवल सात ओवर पुरानी गेंद से सुथार का गेंद को इतना घुमाना उनके कौशल को भी दर्शाता है। उनकी गेंदबाजी की चर्चा कमेंट्री बॉक्स तक पहुंची और दिग्गजों ने उनके भविष्य को लेकर बड़ी बात कही।
कमेंट्री के दौरान अजय जडेजा ने मानव सुथार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुथार में भारत का अगला बड़ा टेस्ट स्पिनर बनने की क्षमता है। जडेजा के मुताबिक गेंद को टर्न कराने की सुथार की क्षमता असाधारण है और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को उनके खिलाफ काफी परेशानी हो रही है।
जडेजा ने इसके लिए कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुथार पर भरोसा जताने और उनकी क्षमता पर विश्वास करने के लिए गिल को श्रेय दिया जाना चाहिए।
हाल ही में सभी फॉर्मेटों से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे ने भी जडेजा की बात से पूरी तरह सहमति जताई। रहाणे ने कहा कि मानव सुथार में टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए मैच-विनर बनने की क्षमता है।
उन्होंने सुथार की तुलना रविंद्र जडेजा और आर. अश्विन से करते हुए कहा कि उनमें जडेजा जैसी सटीकता और अश्विन की तरह गेंद को टर्न कराने की क्षमता है। रहाणे के अनुसार सुथार भविष्य में भारत के लिए बड़ी संपत्ति साबित हो सकते हैं।
सुथार का शानदार टर्न श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए परेशानी का कारण बना। उन्होंने अपने फेंके पारी के आठवें ओवर की पहली गेंद पर दिनेश चंडीमल को आउट किया। गुडलेंग्थ पर पड़ने के बाद गेंद तेजी से घूमी और चंडीमल उसे अपने दस्ताने से नहीं रोक सके। ऋषभ पंत ने उनका कैच लपक लिया।
सुथार की गेंदों में इतना टर्न था कि एक गेंद पंत को भी छकाते हुए बाई के रूप में चौके के लिए चली गई। इसके कुछ समय बाद सुथार ने जमने की कोशिश कर रहे ओपनर लहिरू उदारा को भी पवेलियन भेज दिया। उदारा का कैच बैकवर्ड प्वाइंट पर यशस्वी जायसवाल ने पकड़ा। उनके इस प्रदर्शन ने सुथार को लेकर जडेजा और रहाणे की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया।