
डर्बी। कप्तान मिताली राज के शतक (109) और राजेश्वरी गायकवाड़ की घातक गेंदबाजी (15/5) से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 186 रनों से हराकर महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत के 265/7 के जवाब में कीवी पारी 25.3 अोवरों में मात्र 79 रनों पर सिमट गई। भारत का अब गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला होगा। पहला सेमीफाइनल मेजबान इंग्लैंड और द. अफ्रीका के बीच मंगलवार को खेला जाएगा।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके का खूब फायदा उठाया और रन मशीन मिताली राज के शानदार 109 रन बनाए। उन्होंने 11 चौके जड़े। यह उनका वनडे क्रिकेट में छठां शतक है। हरमनप्रीत कौर (60) और वेदा कृष्णमूर्ति (70) ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को और मजबूती प्रदान की।
न्यूजीलैंड की टीम को जीत के लिए 266 रन का लक्ष्य मिला लेकिन कीवी टीम 25.3 ओवर में महज 79 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। विरोधी टीम की कोई भी बल्लेबाज 30 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और एमी ने सबसे ज्यादा 26 रन की पारी खेली। भारतीय महिला गेंदबाजों ने कीवी टीम के बल्लेबाजी की खासी क्लास लगाई और राजेश्वरी गायकवाड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 रनों पर 5 विकेट चटकाए। इसके अलावा झूलन गोस्वामी, शिखा पांडे और पूनम यादव ने एक-एक जबकि दीप्ति शर्मा ने दो विकेट लिए।