
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर पिंक पैंथर्स ने मध्य प्रदेश लीग टी-20 टूर्नामेंट में शानदार अंदाज में अपना सफर खत्म किया। पिंक पैंथर्स ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मैच में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खिताब जिताने वाले रजत पाटीदार की ग्वालियर चीताज को वीजेडी पद्धति से 38 रनों से हराया। मैच के हीरो वेंकटेश अय्यर रहे जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
चंबल घड़ियाल्स और रीवा जैगुआर्स के बीच दूसरा मैच लगातार बारिश के कारण शुरू ही नहीं हो पाया। इस तरह से चंबल घड़ियाल्स, रायल निमाड़ ईगल्स, रीवा जैगुआर्स और जबलपुर रायल लायंस ने मध्य प्रदेश लीग की सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लीं। नईदुनिया इस लीग का मीडिया पार्टनर है।
मंगलवार को वर्षा के कारण मैच देर से शुरू हुआ, लेकिन इंदौर पिंक पैंथर्स ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कप्तान वेंकटेश अय्यर की शानदार नाबाद पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवरों में तीन विकेट पर 221 का विशाल स्कोर खड़ा किया। अथर्व जोशी और शिवम शुक्ला ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवरों में 64 रनों की साझेदारी के साथ मजबूत शुरुआत दिलाई। शुक्ला 20 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद पैंथर्स ने अन्वेश चावला (चार) और अथर्व जोशी (25 गेंदों में 46 रन) के विकेट भी कुछ ही अंतराल में गंवा दिए। वेंकटेश अय्यर और सिद्धार्थ पाटीदार ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 145 रन जोड़े। सिद्धार्थ पाटीदार 29 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अय्यर ने महज 42 गेंदों में तूफानी नाबाद 87 रन बनाकर सबका दिल जीत लिया। उन्होंने सात चौके और सात छक्के जड़े। ईशान सबसे महंगे साबित हुए उन्होंने चार ओवरों में 61 रन लुटाए। वहीं मंगेश यादव ने 49 रन लुटाए।
जवाब में ग्वालियर चीताज ने सधी हुई शुरुआत की। कार्तिक परिहार ने ज्यादातर रन बनाए और पार्थ चौधरी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। हालांकि चौधरी नौ गेंदों में दो रन बनाकर आउट हो गए। उनके स्थान पर आए कुलदीप गेही और परिहार ने 28 रनों की साझेदारी की लेकिन गेही सात गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए। परिहार ने 46 गेंदों में 71 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन उनके आउट होने से चीताज पर दबाव बढ़ गया।
रजत पाटीदार ने 37 रनों की तेज पारी खेली
कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में 37 रनों की तेज पारी खेलकर जीत की उम्मीद बढ़ाई लेकिन दूसरे छोर से जरूरी साथ नहीं मिला और जरूरी रन रेट बढ़ता गया। 18वें ओवर की शुरुआत में वर्षा फिर से शुरू हो गई, जिससे खेल रोकना पड़ा। इस समय टीम का स्कोर सात विकेट पर 157 रन था।
वीजेडी पद्धति के हिसाब से ग्वालियर की टीम जरूरी स्कोर से पीछे थी, इसलिए इंदौर पिंक पैंथर्स को 38 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया। सारांश सुराना ने तीन ओवर में 24 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि आकाश राजावत ने तीन ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया।
वेंकटेश अय्यर ने मैच के बाद कहा, टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करना बहुत अच्छा लग रहा है। खुशी है कि मैं टीम की सफलता में योगदान दे सका और एक असरदार पारी खेल सका। हमारे लिए लीग के इस सत्र में कई सकारात्मक बातें रहीं। इस अभियान से हम सीख लेंगे, अगले साल और मजबूत होकर वापसी करेंगे।
इंदौर पिंक पैंथर्स : 221/3 (20 ओवर)
ग्वालियर चीताज : 157/7 (17.1 ओवर)
यह भी पढ़ें : MPL 2026: बारिश के कारण रीवा घड़ियाल्स और चंबल जैगुआर्स ने बांटे अंक