
नई दिल्ली। यदि रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल में अगले किसी भी मैच में स्लो ओवर रेट से गेंदबाजी की तो उसके कप्तान विराट कोहली पर एक मैच का प्रतिबंध लगेगा।
आरसीबी आईपीएल में सात मैचों में से मात्र दो मैच जीत पाई है। टीम का प्रदर्शन स्तर के अनुरुप नहीं रहा है और टीम निर्धारित समय में पूरे ओवर भी नहीं डाल पा रही है। स्लो ओवर रेट का सबसे ज्यादा असर कप्तान पर पड़ता है और टीम की दो बार धीमी ओवर गति के चलते कोहली पर क्रमश: 12 लाख और 24 लाख रुपए जुर्माना पहले ही लग चुका है।
यह भी पढ़ें : कोहली पर लगा 24 लाख रुपए का जुर्माना
अब यदि टीम ने एक बार फिर स्लो ओवर रेट से गेंदबाजी की तो कोहली पर 30 लाख रुपए के जुर्माने के साथ ही एक मैच का प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। स्लो ओवर रेट के कारण कोहली पर 22 अप्रैल को राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 12 लाख तथा सोमवार को केकेआर के खिलाफ 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था।
यह भी पढ़ें : विराट कोहली के साथ जमकर नाचे क्रिस गेल
आईपीएल की आचार संहिता के अनुसार इस मामले में तीसरे उल्लंघन के बाद हर बार कप्तान पर एक मैच का बैन लगाया जाएगा और दंड भी भुगतना होगा। विराट कोहली के लिए व्यक्तिगत रूप से यह आईपीएल अच्छा साबित हो रहा है और वे सात मैचों से 433 रन बना चुके हैं।