
बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कैरेबियाई ओपनर क्रिस गेल भले ही मंगलवार को आईपीएल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उनकी टीम को इस मैच में 45 रनों से शानदार जीत मिली।
गेल ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से टीम ने यह जीत दर्ज की। एबी डी'विलियर्स और कप्तान विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और फिर युवा सरफराज खान ने प्रभावी पारी खेली। एबी और विराट के आउट होने के बाद सरफराज ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया, उन्होंने 10 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।
गेल और सरफराज टीम होटल में एक रूम शेयर करते हैं और गेल अपने इस युवा साथी से बहुत प्रभावित है। गेल ने कहा- सरफराज और मैं आईपीएल के बाद भी संपर्क में रहते हैं। वो मुझे अपने खेल के बारे में बताता रहता है। वो बहुत छोटा है और मेरे लिए बेटे के समान है। उसने सनराइजर्स के खिलाफ शानदार पारी खेली और उसका भविष्य बहुत उज्जवल है। सभी को उन पर निगाहें रखना चाहिए।
बांग्लादेश में दो महीने पहले अंडर-19 विश्व कप उपविजेता बनी भारतीय टीम के सदस्य सरफराज ने पिछले सत्र में आईपीएल में आरसीबी की तरफ से पदार्पण किया था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 21 गेंदों में 45 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। सनराइजर्स के खिलाफ उन्होंने और सुधरा हुआ प्रदर्शन किया।