Rinku-Priya Wedding: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की टली शादी, इस वजह से लिया गया ये फैसला
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की 18 नवंबर को वाराणसी में होने वाली शादी टल गई है। रिंकू के घरेलू क्रिकेट में व्यस्तता के कारण यह फैसला लिया गया है। अब शादी की अगली तारीख जल्द तय की जाएगी, संभवतः आईपीएल 2026 के बाद या जब उन्हें खेल से समय मिलेगा।
Publish Date: Tue, 24 Jun 2025 05:00:33 PM (IST)
Updated Date: Tue, 24 Jun 2025 05:00:33 PM (IST)
8 जून को हुई थी दोनों की सगाई। स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह (Rinku Singh) और मछलीशहर (जौनपुर) से सपा की युवा सांसद प्रिया सरोज की शादी टलने की खबर सामने आई है। हाल ही में इन दोनों ने 8 जून को लखनऊ के 'द सेंट्रम' होटल में सगाई की थी। उनकी रिंग सेरेमनी के बाद दोनों के घरों में 18 नवंबर के दिन शादी को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई थी, लेकिन अचानक से उनकी शादी की तारीख टल जाने से तैयारियां भी रोक दी गई हैं। आइए जानते हैं इसके पीछे की बड़ी वजह।
इस वजह से टली दोनों की शादी
दरअसल, अक्टूबर से फरवरी के बीच रिंकू सिंह घरेलू क्रिकेट (Domestic Cricket) में प्रदेश की टीम की ओर से खेलेंगे। इसके कुछ दिनों बाद आइपीएल (IPL) शुरू हो जाएगा। फरवरी के अंत में खेल से वक्त मिलने पर या फिर आइपीएल 2026 के बाद शादी की तिथि तय की जाएगी। दोनों परिवार ने यह भी तय किया है कि शादी वाराणसी में न करके कहीं अन्य स्थान पर की जाएगी और यह डेस्टिनेशन वेडिंग होगी।
इसी महीने हुई थी दोनों की सगाई
बता दें कि इसी महीने हुई सपा की युवा सांसद प्रिया सरोज (Priya Saroj) और रिंकू सिंह की सगाई में खेल जगत से ही नहीं, बल्कि राजनीति से जुड़े भी कई दिग्गज लोग शामिल हुए थे। सगाई में सांसद प्रिया सरोज का एक भावुक होने वाला वीडियो भी वायरल हुआ था। वयरल हुए वीडियो में सगाई में प्रिया सरोज की आंखों में आंसू देखे गए थे। लोगों को रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का खूबसूरत अंदाज भी बहुत भाया था। प्रिया और रिंकू अपनी सगाई में बेहद अच्छे लग रहे थे।