
स्पोर्ट्स डेस्क। ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वह अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच के दूसरे दिन हासिल किया। पंत ने पहली पारी में 39 गेंद खेलकर 23 रन बनाए और इस दौरान एक छक्का लगाया।
क्राइस्टचर्च टेस्ट से पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में ऋषभ पंत और बेन स्टोक्स बराबरी पर थे। मगर दूसरे टेस्ट में एक सिक्स लगाते ही पंत के नाम 89 छक्के हो गए, जबकि स्टोक्स ने WTC में कुल 88 छक्के लगाए थे।
WTC में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में स्टोक्स और पंत के बीच लंबे समय से रेस चल रही थी। अब चूंकि स्टोक्स संन्यास ले चुके हैं, इसलिए आने वाले कुछ समय तक यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम ही रहेगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले एक्टिव क्रिकेटरों में पंत के बाद दूसरे नंबर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल हैं, जिनके नाम अभी सिर्फ 48 सिक्स हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत से ही बड़े-बड़े हिट लगाने में भारतीय बल्लेबाज आगे रहे हैं। सबसे ज्यादा छक्के लगाने की टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में चार तो भारत के ही खिलाड़ी हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले एक्टिव क्रिकेटरों में भी भारत के ही बल्लेबाजों ने दबदबा बनाया हुआ है। 89 छक्कों के साथ ऋषभ पंत पहले, जबकि 48 छक्के लगाकर शुभमन गिल दूसरे और यशस्वी जायसवाल तीसरे नंबर पर हैं। एक्टिव क्रिकेटरों में चौथे स्थान पर हैरी ब्रूक और पांचवें नंबर पर दिग्गज खिलाड़ी रवींद्र जडेजा मौजूद हैं।