
मुंबई। सचिन तेंडुलकर पर बन रही बायोपिक का दूसरा पोस्टर भी जारी हो गया है। इसमें एक पिता-पुत्र दिखाई दे रहे हैं। बेटे की जर्सी पर 10 अंक छपा है और सचिन तेंडुलकर लिखा गया है। पोस्टर पर लिखा गया है, तीन जनरेशन, एक हीरो।
इस बायोपिक का नाम 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' है। हरभजन सिंह के साथ ही फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह ने इस पोस्टर को अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया है।
इससे पहले बीते सोमवार को बायोपिक का पहला पोस्टर रिलीज हुआ था। सुरेश रैना, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर किया था।
इस फिल्म का पहला टीजर 14 अप्रैल को रिलीज होगा। वर्ष 2016 क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी उत्साहपूर्ण बीतेगा क्योंकि इस साल भारत के तीन सबसे सफल क्रिकेटरों सचिन तेंडुलकर, एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरूद्दीन की बायोपिक रिलीज होने वाली हैं।
तेंडुलकर की फिल्म दुनियाभर के 200 थिएटरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में सचिन भी नजर आएंगे। यह फिल्म उनकी क्रिकेट यात्रा और निजी जिंदगी पर आधारित है। फिल्म के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने पोस्टर शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'यात्रा शुरू हो गई है। पेश है सचिन द फिल्म का टीजर पोस्टर। 14 अप्रैल को दोपहर एक बजे एसआरटी टीजर देखने के लिए तैयार रहें।'
.jpg)
इस फिल्म की शूटिंग 30 महीनों में पांच देशों में की गई। आखिरी दिन की शूटिंग हाल ही में शिवाजी पार्क पर की गई और यह पल निर्माता रवि भागचंदका समेत कास्ट एंड क्रू के लिए काफी भावनात्मक रहा क्योंकि वहां सचिन भी मौजूद थे। सचिन ने शिवाजी पार्क जाने से पहले उस मंदिर में जाकर दर्शन किए जहां वह कोच रमाकांत आचरेकर के मार्गदर्शन में अभ्यास किया करते थे।