
मुंबई। महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर की बायोपिक 'सचिन' का पहला पोस्टर सोमवार को रिलीज हो गया है। सुरेश रैना, रोहित शर्मा और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म का पोस्टर शेयर किया है।
इस फिल्म का पहला टीजर 14 अप्रैल को रिलीज होगा। वर्ष 2016 क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी उत्साहपूर्ण बीतेगा क्योंकि इस साल भारत के तीन सबसे सफल क्रिकेटरों सचिन तेंडुलकर, एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरूद्दीन की बायोपिक रिलीज होने वाली हैं।
तेंडुलकर की फिल्म दुनियाभर के 200 थिएटरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में सचिन भी नजर आएंगे। यह फिल्म उनकी क्रिकेट यात्रा और निजी जिंदगी पर आधारित है। फिल्म के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ने पोस्टर शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'यात्रा शुरू हो गई है। पेश है सचिन द फिल्म का टीजर पोस्टर। 14 अप्रैल को दोपहर एक बजे एसआरटी टीजर देखने के लिए तैयार रहें।'
इस फिल्म की शूटिंग 30 महीनों में पांच देशों में की गई। आखिरी दिन की शूटिंग हाल ही में शिवाजी पार्क पर की गई और यह पल निर्माता रवि भागचंदका समेत कास्ट एंड क्रू के लिए काफी भावनात्मक रहा क्योंकि वहां सचिन भी मौजूद थे। सचिन ने शिवाजी पार्क जाने से पहले उस मंदिर में जाकर दर्शन किए जहां वह कोच रमाकांत आचरेकर के मार्गदर्शन में अभ्यास किया करते थे।

पाकिस्तान के खिलाफ 1989 में कराची में टेस्ट पदार्पण करने वाले तेंडुलकर का अंतरराष्ट्रीय करियर लाजवाब रहा है। तब वह सिर्फ 16 वर्ष के थे। जल्द ही उन्होंने वन-डे में पदार्पण किया। उन्होंने 24 वर्ष के अपने स्वर्णिम करियर में 200 टेस्ट और 463 वन-डे खेले जो विश्व रिकॉर्ड है। इसके साथ ही वन-डे और टेस्ट में भी उन्होंने रिकॉर्ड क्रमश: 15,000 और 18,000 रन बनाए। मास्टर ब्लास्टर अब तक विश्व के एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 शतक लगाए हैं।