
मल्टीमीडिया डेस्क। विराट कोहली पिछले कुछ समय से सचिन तेंडुलकर के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर चुके हैं और अब उनके हाथों एक-दो दिनों में आईपीएल में सचिन का एक और रिकॉर्ड टूटना तय नजर आ रहा है। विराट आईपीएल में कप्तान के रूप में सचिन के दो संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बनाने के कीर्तिमान को तोड़ने से मात्र 68 रन दूर है।
विराट यह उपलब्धि हासिल करते ही आईपीएल में कप्तान के रूप में तीन अलग-अलग संस्करणों में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे। विराट इस सत्र में 7 मैचों में 433 रन बना चुके हैं। अभी उन्हें कम से कम 7 मैच और खेलने है और यदि उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं भी पहुंचती है तो भी उनके पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने के पर्याप्त अवसर है।
यह भी पढ़ें : आईपीएल में तेंडुलकर के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सका कोई भारतीय
सचिन तेंडुलकर ने मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में 2010 में 618 रन और 2011 में 553 रन बनाए थे। विराट कोहली आरसीबी के कप्तान के रूप में 2013 में 634 और 2015 में 505 रन बनाकर सचिन की बराबरी पर है। आईपीएल में कप्तान के रूप में एक संस्करण में सर्वाधिक रन (634) बनाने का कीर्तिमान भी विराट के नाम पर दर्ज है।
यह भी पढ़ें : IPL: ...तो कोहली पर लग जाएगा एक मैच का प्रतिबंध
दो अन्य कप्तान भी आईपीएल के एक सत्र में 500 रनों का बैरियर पार कर चुके हैं। गौतम गंभीर ने केकेआर के कप्तान के रूप में 2012 में 17 मैचों में 590 रन बनाए थे जबकि डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स के कप्तान के रूप में 2015 में 14 मैचों में 562 रन बनाए थे।