
स्पोर्ट्स डेस्क, रायपुर। टीम इंडिया में आज से नए युग की शुरुआत होने जा रही है। हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना आज गुरुवार को पहली बार फुल टाइम कप्तान के रूप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगुआई करेंगी। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिंबाब्वे के बीच टी-20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा।
इस मैच के साथ कई इतिहास बनेंगे। जिंबाब्वे की महिला टीम पहली बार भारत के खिलाफ बाइलेटरल सीरीज खेलेगी। वहीं रायपुर में पहली बार इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है। इस सीरीज के तीनों मैचों में महिलाओं के लिए स्टेडियम में एंट्री फ्री रखी गई है।
मैच में ओस बड़ी भूमिका निभा सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बॉलिंग करना चाहेगी, क्योंकि दूसरी पारी में ओस की वजह से गेंदबाजी करना मुश्किल हो सकता है। रायपुर की पिच बैटिंग के लिए अच्छी मानी जा रही है। इसी मैदान पर जनवरी में भारत ने न्यूजीलैंड के 208 रन के टारगेट को चेज किया था। इसलिए पहले मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद है। भारत ने जून में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद लगातार 8 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं।

कप्तान के तौर पर स्मृति मंधाना के सामने अपनी बैटिंग की लय बनाए रखने की चुनौती होगी। वहीं वाइस कैप्टन शेफाली वर्मा जबरदस्त फॉर्म में हैं। पिछली 5 पारियों में उन्होंने 64, 68, नाबाद 40, नाबाद 100 और 48 रन बनाए हैं। उन पर सबकी नजर रहेगी। टीम को एक झटका भी लगा है। जेमिमा रोड्रिग्स चोट की वजह से बाहर हैं। ऐसे में नंबर 3 पर अनुष्का शर्मा या निकी प्रसाद को मौका मिल सकता है।