
कोलंबो। श्रीलंका में अंडर-15 क्रिकेट मुकाबले में नवेन्दु पहसारा नाम के बल्लेबाज ने एक ओवर में सात छक्के जड़ दिए। उन्होंने 89 गेंद पर 109 रनों की पारी खेली। नवेंदु ने ओवर की एक नो बॉल गेंद पर भी छक्का लगा दिया था। ये छक्का उन्होंने मैदान से बाहर मारा। वहीं अन्य छह गेंदों पर भी नवेंदु ने छक्के लगाए।
ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले कई खिलाड़ी एक ओवर में छह छक्के लगाने का कारनामा कर चुके हैं। नवेंदु का मैच देखने के लिए श्रीलंका के पूर्व ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन भी मौजूद थे। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 800 विकेट लेने वाले मुरलीधरन ने इस युवा श्रीलंकाई सनसनी को मैच के बाद पुरस्कृत भी किया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लग चुके एक अोवर में छह छक्के:
दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अोवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। इस द. अफ्रीकी बल्लेबाज ने 2007 में नीदरलैंड्स के खिलाफ वनडे विश्व कप में यह कारनामा किया था।
युवी ने किया था करिश्मा :
भारत के युवराज सिंह ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में हुए विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ इस कारनामे को अंजाम दिया था। युवी ने स्टुअर्ट ब्रॉड के अोवर में छह गेंदों पर लगातार छह छक्के जड़े थे।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कई दिग्गज कर चुके यह कारनामा :
एक अोवर में छह छक्के जड़ने का कारनामा प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कई बार अंजाम दिया जा चुका है। सबसे पहले वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गैरी सोबर्स ने 1968 में इस कारनामे को अंजाम दिया था। भारत के रवि शास्त्री ने 1984 में मुंबई की तरफ से बड़ौदा के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
