
नई दिल्ली। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंडुलकर के नाम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे आज तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं तोड़ सका है।
महान बल्लेबाज तेंडुलकर एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जो आईपीएल में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए हो। 2013 आईपीएल में सचिन आईपीएल के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने थे।
यह भी पढ़ें : सचिन की बायोपिक का पोस्टर रिलीज, 14 अप्रैल को आएगा टीजर
मास्टर ब्लास्टर ने मुंबई इंडियंस की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए 15 मैचों में 132.61 की स्ट्राइक रेट से 618 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक जमाए। सचिन को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। तब दूसरे नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैक कैलिस काबिज थे, जिन्होंने 16 मैचों में 572 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 115.78 का था।
गौरतलब है कि तेंडुलकर ने 2013 आईपीएल के बाद संन्यास ले लिया था, लेकिन इस मामले में कोई भारतीय उन्हें पीछे नहीं छोड़ सका। इसके अलावा कोई भारतीय बल्लेबाज एक सत्र में सचिन के 618 रन को भी पार नहीं कर सका।
यह भी पढ़ें : सचिन की बायोपिक का दूसरा पोस्टर भी जारी
बहरहाल, मौजूदा आईपीएल में जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली से सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ने की उम्मीद है। कोहली ने आईपीएल-9 के पहले ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 75 रन की पारी खेली थी। यह उम्मीद की जा रही है कि विराट इस बार सचिन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे।
यह भी पढ़ें : 2011 विश्व कप जीतना मेरी जिंदगी का स्वर्णिम पल : तेंडुलकर