
इंदौर। आईपीएल की मेजबानी इंदौर को मिलेगी या नहीं, यह वक्त बताएगा। मगर शुक्रवार से शहर के प्रशंसकों को आईपीएल की तरह ही फटाफट क्रिकेट की दावत मिलने जा रही है और वह भी मुफ्त। कैप्टन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट के सुपर लीग मैच 8 मार्च से शुरु होंगे, जिसमें देश की दिग्गज टीमें और सितारा खिलाड़ी शामिल हैं।
होलकर स्टेडियम और एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर रोज दो-दो मैच होंगे। यूं तो हर टीम में दिग्गज क्रिकेटर शामिल हैं, लेकिन इंदौरी प्रशंसकों की निगाह शाम को 5.30 बजे से होने वाले मैच पर होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि होलकर स्टेडियम में होने वाला दिन का आखिरी मैच कृत्रिम रोशनी में होगा।
मुफ्त में आईपीएल जैसा मजा
होलकर स्टेडियम में आईपीएल के दौरान प्रशंसकों को मैच देखने के लिए बड़े जतन करना पड़ते हैं। घंटों लाइन में लगो, ऑन लाइन टिकट की आस में सुबह से कम्प्यूटर के सामने बैठ जाओ या टिकट की जुगाड़ में मैच शुरु होने के पहले तक संपर्क तलाशते रहो। मगर अब उसी मैदान में देश के सितारा खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका निशुल्क मिलेगा। मेजबान मप्र क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) ने मैच के लिए कोई शुल्क नहीं रखा है। प्रशंसक गैलरियों में बैठकर मैचों का लुत्फ उठा सकते हैं। हालांकि आईपीएल की तरह न तो तेज आवाज में डीजे होगा न ही चीयरलीडर्स के ठुमके देखने को मिलेगी।
शुक्रवार को होने वाले मैच
- झारखंड वि. गुजरात (सुबह 9.30 बजे से एमरल्ड हाइट्स स्कूल मैदान)
- रेलवे वि. बंगाल (दोपहर 1.30 बजे से एमरल्ड हाइट्स स्कूल मैदान)
- दिल्ली वि. विदर्भ (दोपहर 1.30 बजे से होलकर स्टेडियम)
- मुंबई वि. कर्नाटक (शाम 5.30 बजे से होलकर स्टेडियम)