
रायपुर। दिल्ली डेयरडेविल्स को आईपीएल-9 में रविवार को 6 विकेट से हराने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के कप्तान और मैन ऑफ द मैच विराट कोहली ने कहा कि टीम का फोकस कारगर साबित हुआ।
मैच के बाद विराट ने कहा, 'यह आंकड़े (बेहतरीन बल्लेबाजी के) मुझ तक फोटो के द्वारा पहुंचते हैं। हर मैच में बेहतरीन पारी इसलिए खेल पाता हूं क्योंकि जानता हूं कि हर दिन नया मैच होता है। हमारा प्लेऑफ में पहुंचना बहुत ही मुश्किल था। मगर टीम का फोकस कारगर साबित हुआ। मेरा फोकस टीम को आगे तक ले जाना है।'
हर मैच में बेहतरीन पारी खेलने के सवाल का जवाब देते हुए कोहली ने कहा, 'आपको हर मैच में नई शुरुआत करना होती है। यह सुनने में बोर लग सकता है, लेकिन इसी तरह काम करना होता है। अनुशासित होने के लिए आपको बोरिंग होने की जरूरत होती है। आपको हर दिन गिनाना होता है। जब मैं मैदान पर उतरता हूं तो यही सोचता हूं कि अच्छा खेलना है। जब आप फॉर्म में हो तो बिलकुल भी रूखा और घमंडी होने की जरूरत नहीं है। यह सब विश्वास और अतिविश्वास के बीच की रेखा है।'
हर जगह प्रशंसकों द्वारा प्यार मिलने के सवाल पर पोस्टर बॉय ने जवाब दिया, 'ऑस्ट्रेलिया सीरीज से मुझे लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। और यह जितना मिले उतना अच्छा है। मुझे इससे अच्छा प्रदर्शन करने का हौसला मिलता है।'
टीम के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए विराट ने कहा, 'गेंदबाजी विभाग ने शानदार प्रदर्शन किया। 160 इस विकेट पर आराम से बनाए जा सकते थे, लेकिन गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।'
वहीं मैच हारने के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान जहीर खान ने कहा, 'आईपीएल-9 का अच्छा अभियान रहा। हमने अच्छी क्रिकेट खेली। हमारी टीम ने लगभग हर टीम को कड़ी टक्कर दी। अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश हूं। मैच में 160 रन का लक्ष्य अच्छा साबित होता। जब आपके सामने विराट जैसा बल्लेबाज हो जो दबाव झेलने में माहिर है, तब लगता है कि हमारी टीम से एक बेहतर साझेदारी मैच का रुख पलट सकती थी। हालांकि ऐसा संभव नहीं हुआ लेकिन क्रिकेट में ऐसा हो जाता है। मैंने अभी अपने भविष्य के बारे में कोई योजना नहीं बनाई है। क्रिकेट खेलने में काफी मजा आ रहा है।'