
बेंगलुरू। विराट कोहली ने शनिवार को आईपीएल-9 में नाबाद शतकीय पारी (108) खेलते हुए आरसीबी को पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से यादगार जीत दिलाई। कोहली ने मैच के बाद कहा कि वे इस मैच में जोरदार पारी खेलने के लिए संकल्पित थे, क्योंकि उनकी टीम को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए सात में से छह मैच जीतना है।
कोहली ने कहा- 'कुछ दिनों पहले हैदराबाद में सनराइजर्स के खिलाफ 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते वक्त हम हार गए थे। इस मैच से पहले हमें प्लेऑफ के लिए सात मैचों में से 6 जीतना थे, इसलिए इस बार मैं ज्यादा संकल्पित था। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए केएल राहुल और शेन वॉटसन ने शानदार योगदान दिया।'
यह भी पढ़ें : कोहली ने तोड़ा तेंडुलकर का आईपीएल का अनोखा रिकॉर्ड
यह पूछने पर कि एबी डी'विलियर्स और वॉटसन के विकेट खोने पर वे कैसा महसूस कर रहे थे, उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा- मैं अपने दिल की धड़कन सुनता हूं, यदि वो तेज नहीं चल रही होती है तो मैं अच्छे निर्णय कर पाता हूं। उस समय स्थिति ऐसी थी कि मैंने बड़े शॉट्स खेलकर छक्के लगाने की बजाए गैप ढूंढते हुए चौके लगाए। मैंने स्थिति के मद्देनजर यह निर्णय लिया। मैंने शतक की ज्यादा खुशी भी नहीं मनाई, क्योंकि उस वक्त मेरे लिए टीम की जीत ज्यादा महत्वपूर्ण थी।
यह भी पढ़ें : IPL-9: कोहली के शतक से आरसीबी की रोमांचक जीत
पुणे ने अजिंक्य रहाणे (74) और सौरभ तिवारी (52) के अर्द्धशतकों की मदद से 6 विकेट पर 191 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने कोहली के नाबाद शतक (108) की मदद से 3 विकेट पर 195 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।